केसर सबसे महंगे मसालों में गिना जाता है. इसकी कुछ लाल पंखुड़ियां दूध, मिठाई और चावल का रंग और स्वाद बदल देती हैं. भारत में ज्यादातर केसर की खेती जम्मू-कश्मीर के पंपोर और आसपास के इलाकों में होती है. आमतौर पर लोगों को लगता है कि केसर उगाने के लिए बड़े खेत और कोई मौसम की जरूरत होती है, लेकिन ऐसा नहीं है. केसर को आप घर पर आसानी से ही उगा सकते है. इसके लिए बस आपको कुछ बातों का ध्यान रखना पड़ता है. चलिए आपको बताते हैं घर पर केसर कैसे उगाएं?
घर पर केसर कैसे उगाएं?
यूट्यूब पर @Dentistmommy नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में डॉ. अंशू ने घर पर केसर लगाने का तरीका बताया है. इस वीडियो उन्होंने बताया कि केसर के पौधे को बीज से नहीं, बल्कि कंद यानी कॉम से उगाया जाता है. ये छोटे प्याज जैसे दिखाई देते हैं. इसके लिए अगस्त से सितंबर के बीच किसी भरोसेमंद विक्रेता से अच्छे कंद खरीदें. ध्यान रखें कि कंद मजबूत हों और उन पर फफूंदी, कट या नरम धब्बे न हों. लगभग 9 सेंटीमीटर या इससे ज्यादा गोलाई वाले कंद अच्छे माने जाते हैं. इनसे दो से चार फूल तक निकल सकते हैं.
सही गमला और मिट्टी लें
केसर लगाने के लिए ऐसा गमला लें. जिसमें पानी निकलने के लिए नीचे छेद हो. मिट्टी का गमला इसके लिए अच्छा रहता है. गमले की गहराई कम से कम 8 इंच होनी चाहिए. मिट्टी तैयार करने के लिए दो हिस्से मिट्टी, एक हिस्सा रेत और एक हिस्सा खाद मिलाएं. मिट्टी ऐसी होनी चाहिए जिसमें पानी जमा न हो. ज्यादा पानी जमा होने से कंद सड़ सकते हैं.
सही तरीके से केसर के कंद लगाएं
केसर के कंद लगाने का सही समय अगस्त से अक्टूबर के बीच होता है. इन्हें मिट्टी में करीब 4 इंच गहराई पर लगाएं. एक कंद से दूसरे कंद के बीच भी लगभग 4 इंच की दूरी रखें. कंद का नुकीला हिस्सा ऊपर की तरफ होना चाहिए. लगाने के बाद थोड़ा पानी डालें. इसके बाद पत्तियां निकलने तक बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं है.
धूप और पानी का ध्यान रखें
केसर के पौधे को अच्छी धूप की जरूरत होती है. जब पौधे में पत्तियां निकल आएं तो मिट्टी की ऊपरी परत सूखने पर ही पानी दें. जरूरत से ज्यादा पानी देने से पौधा खराब हो सकता है. फूल आने के बाद पत्तियों को अपने आप पीला होकर सूखने दें. गर्मियों में केसर का पौधा आराम की अवस्था में रहता है, इसलिए इस दौरान मिट्टी को सूखा रखें.
ऐसे करें केसर की कटाई और स्टोर
केसर के पौधे में आमतौर पर अक्टूबर-नवंबर में फूल आते हैं. फूल पूरी तरह खिलने पर उसके बीच मौजूद तीन लाल धागेनुमा हिस्सों को निकाल लें. इन्हें दो से तीन दिन तक कागज पर सुखाएं. अच्छी तरह सूखने के बाद एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें. जार को नमी और सीधी रोशनी से दूर रखें. इस तरह आप घर पर उगाए केसर का इस्तेमाल खाने और मिठाइयों में कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- गमले में तेज पत्ते कैसे उगाएं? घर पर तेजपत्ता लगाने के आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- कुकर में 1 गिलास चावल में कितना पानी डालना चाहिए? प्रेशर कुकर में चावल सही तरीके से कैसे पकाएं
यह भी पढ़ें:- घर में कीड़े-मकोड़ों कैसे आ जाते हैं? घर से कीड़ों को दूर रखने के 5 आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं