विज्ञापन

छठ के ठेकुए ने चमकाई किस्‍मत, कभी 2 महीने तक एक भी ऑर्डर नहीं, आज करोड़ों में कारोबार, दो बिहारी की सक्सेस स्टोरी

छठ के ठेकुए से आज दुनियाभर के लोग परिचित हो गए हैं. फास्‍ट फूड और स्‍नैक्‍स की दुनिया में बिहार के 2 लड़कों ने इस पारंपरिक प्रसाद ठेकुए का बिजनेस शुरू किया तो 2 महीने तक एक भी ऑर्डर नहीं मिले, फिर कैसे कारोबार करोड़ों में पहुंचा, ये कहानी बड़ी दिलचस्‍प है.

छठ के ठेकुए ने चमकाई किस्‍मत, कभी 2 महीने तक एक भी ऑर्डर नहीं, आज करोड़ों में कारोबार, दो बिहारी की सक्सेस स्टोरी
ठेकुए के बिजनेस से करोड़ों रुपये का टर्नओवर
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

छठ आते ही हमें 'ठेकुआ' के स्‍वाद की याद आने लगती है. अब केवल बिहार और पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि पूरा देश छठ के इस महाप्रसाद के स्‍वाद से परिचित है. आटे, गुड़ या चीनी), घी और सूखे मेवे का स्‍वाद आर लकड़ी के सांचे के जरिए पत्तियों या फूलों की सुंदर नक्काशी... ठेकुए को खास बनाती है. छठ की छुट्टियों के बाद अब कोई बिहारी या पूर्वांचली वापस काम पर दिल्‍ली, मुंबई या दूसरे शहर लौटेगा तो साथ काम करने वाले ठेकुआ जरूर मांगेंगे. 

हालांकि ठेकुआ, छठ के प्रसाद से आगे बढ़कर अब एक इंटरनेशनल प्रोडक्‍ट भी हो गया है और फास्ट फूड और पैकेट बंद स्नैक्स के दौर में कुछ बिहारियों ने तो इस पारंपरिक स्‍वाद को करोड़ों के कारोबार में बदल दिया है. बिहार के दो किशोर जयंत और कैलाश भी उन्‍हीं में से एक हैं. 

जयंत और कैलाश ने चखाया ठेकुआ का 'शुद्ध स्‍वाद' 

जयंत और कैलाश ने मिलकर 'शुद्ध स्वाद' (Shuddh Swad) नाम से एक ब्रांड शुरू किया, जिसका कारोबार आज करोड़ों में है. कंपनी लाखों ग्राहकों तक अपना प्रोडक्‍ट पहुंचा चुकी है. इस बार तो कंपनी ने कोकोनट, इलायची और कई अन्‍य फ्लेवर भी पेश किए हैं. 

इस बिजनेस की शुरुआत किसी बड़ी योजना या मोटे निवेश से नहीं, बल्कि ठेकुआ खाने के बाद हुई एक परेशानी से हुई थी. जैसा कि जयंत बताते रहे हैं, उन्‍होंने सड़क किनारे की एक दुकान से ठेकुआ खाया था, जिसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई. इस घटना ने उन्हें सोचने पर मजबूर किया कि पारंपरिक भारतीय स्नैक्स का स्वाद तो लोगों को पसंद है, लेकिन उनकी शुद्धता और साफ-सफाई को लेकर भरोसे की कमी हो सकती है.

यहीं से उन्हें ऐसा कारोबार शुरू करने का विचार आया, जहां लोगों को पारंपरिक स्वाद के साथ साफ-सुथरे और अच्छी क्‍वालिटी वाले स्नैक्स मिल सकें.

एक ठेकुए ने दिया बिजनेस शुरू करने का आइडिया

जयंत ने महसूस किया कि ठेकुआ जैसे पारंपरिक स्नैक्स की मांग सिर्फ छठ या दूसरे त्योहारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए. ये भारतीय खानपान और संस्कृति का हिस्सा हैं, लेकिन कई बार लोगों को ये सिर्फ त्योहारों के दौरान या स्थानीय दुकानों पर ही मिल पाते हैं.

जयंत चाहते थे कि ठेकुआ और दूसरे पारंपरिक स्नैक्स लोगों को पूरे साल मिलें. साथ ही, उनकी गुणवत्ता और साफ-सफाई का भी ध्यान रखा जाए.

उन्होंने अपना आइडिया दोस्त कैलाश के साथ साझा किया. कैलाश स्कूल छोड़ चुके थे और परिवार की मदद के लिए रेलवे स्टेशनों पर पानी की बोतलें बेचते थे. उन्हें इस काम में एक ऐसा मौका दिखा, जिससे कमाई के साथ अपना कुछ बनाने का सपना भी पूरा हो सकता था.

कंपनी सोशल मीडिया पर भी खूब एक्टिव है और अपने क्रिएटिव एड से लोगों के बीच लोकप्रिय भी. 

घर से शुरू किया काम, रोज 10 घंटे करते थे मेहनत

दोनों दोस्तों ने घर से ही अपने बिजनेस की शुरुआत की. उन्होंने ठेकुआ के साथ मखाना, केले के चिप्स और बेसन के लड्डू जैसे उत्पाद तैयार करने पर काम किया.

रेसिपी को बेहतर बनाने और स्वाद को एक जैसा रखने के लिए दोनों रोज करीब 10 घंटे तक मेहनत करते थे. उनका मकसद था कि ग्राहकों को पारंपरिक स्वाद वाले स्नैक्स मिलें, जो साफ-सुथरे, किफायती और स्वादिष्ट भी हों.

दो महीने तक नहीं मिला एक भी ऑर्डर

शुद्ध स्वाद की शुरुआत आसान नहीं रही. पहले दो महीने तक दोनों को एक भी ऑर्डर नहीं मिला. कई लोगों ने उनके बिजनेस आइडिया को अव्यावहारिक बताया. लेकिन दोनों ने हार नहीं मानी.

उन्होंने अपने उत्पादों में सुधार जारी रखा और इंस्टाग्राम के जरिए लोगों तक अपनी कहानी पहुंचानी शुरू की. इसके अलावा, उन्होंने स्थानीय समुदायों से संपर्क किया, जहां पारंपरिक स्वाद और घर के बने स्नैक्स को पसंद करने वाले लोग मौजूद थे.

धीरे-धीरे लोगों का भरोसा बढ़ा और ऑर्डर मिलने शुरू हुए. छोटे शहरों से लेकर बड़े महानगरों तक उनके उत्पादों की मांग पहुंचने लगी.

लाखों ग्राहकों तक पहुंचा ब्रांड, करोड़ों में कारोबार 

घर की छोटी सी रसोई से शुरू हुआ शुद्ध स्वाद आज ऑनलाइन बिजनेस बन चुका है. ब्रांड के मुताबिक, अब तक उसके उत्पाद लाखों ग्राहकों तक पहुंच चुके हैं और कारोबार करोड़ों का आंकड़ा पार कर चुका है.

ठेकुआ, मखाना, केले के चिप्स और बेसन के लड्डू जैसे पारंपरिक स्नैक्स के जरिए जयंत और कैलाश ने दिखाया है कि स्थानीय स्वाद और पारंपरिक खानपान को भी बड़े बाजार तक पहुंचाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें | छठ पर बढ़ जाती है इन चीजों की डिमांड, कम बजट में शुरू करें ये 7 कारोबार, होगी बंपर कमाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Thekua Interesting Facts, Chhath Prasad, Thekua Amazon India, Thekua For Chhath Puja, Success Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com