ग्रीन चीली सॉस का इस्तेमाल कई खाने की चीज़ों में किया जाता है, जैसे नूडल्स, बर्गर, सैंडविच, मोमोस, सूप, स्प्रिंग रोल, रैप्स आदि में स्वाद बढ़ाने के लिए. ग्रीन चीली सॉस खाने में तीखापन और फ्लेवर जोड़ता है. अगर आपको बाजार की ग्रीन चिली सॉस का तीखा और चटपटा स्वाद पसंद है, लेकिन उसमें मौजूद प्रिजर्वेटिव्स से बचना चाहते हैं, तो आप घर पर ही इसे तैयार कर सकते हैं. इसे घर पर बनाना बहुत आसान है .
सामग्री-
- हरी मिर्च- 200 ग्राम
- पानी- 1.2 लीटर
- सिरका- 1 कप
- लहसुन की कलियां- 10-12
- अदरक- 1 इंच का टुकड़ा
- साबुत धनिया- 2 बड़े चम्मच
- चीनी- 2 बड़े चम्मच
- नमक- 1 बड़ा चम्मच (या स्वादानुसार)
- आलू (कटे हुए)- 1 कप
बनाने की विधि-
- सबसे पहले हरी मिर्च को धोकर डंठल हटा लें. लहसुन छील लें और अदरक को मोटा-मोटा काट लें.
- एक बड़े बर्तन में पानी उबालें. इसमें हरी मिर्च, आलू, लहसुन, अदरक और साबुत धनिया डाल दें.
- मध्यम आंच पर 12-15 मिनट तक पकाएं, जब तक मिर्च और आलू नरम न हो जाएं.
- गैस बंद करें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. फिर पानी को अलग कर लें. जरूरत पड़ने पर इस पानी का थोड़ा हिस्सा बाद में इस्तेमाल किया जा सकता है.
- उबली हुई मिर्च, आलू, लहसुन, अदरक और धनिया को मिक्सर में डालें. इसमें सिरका, चीनी और नमक मिलाएं.
- सभी चीजों को अच्छी तरह पीसकर स्मूद पेस्ट बना लें. अगर सॉस बहुत गाढ़ी लगे तो बचा हुआ उबला पानी थोड़ा-थोड़ा डालकर मनचाही कंसिस्टेंसी बना लें.
- अब इस पेस्ट को एक पैन में डालकर 5-7 मिनट धीमी आंच पर पकाएं. इससे फ्लेवर अच्छी तरह मिल जाएंगे और सॉस ज्यादा समय तक टिकेगी.
- पूरी तरह ठंडा होने के बाद सॉस को साफ और सूखी कांच की बोतल में भर लें.
स्टोरेज टिप-
फ्रिज में रखने पर यह ग्रीन चिली सॉस लगभग 3-4 हफ्ते तक आसानी से चल सकती है. सिरका और नमक इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करते हैं. आलू डालने से सॉस की टेक्सचर गाढ़ी और क्रीमी बनती है. अगर ज्यादा तीखा स्वाद पसंद है तो कुछ मिर्चों के बीज न निकालें. यह सॉस मोमोज, स्प्रिंग रोल, सैंडविच, बर्गर और पराठों के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है.
यह भी पढ़ें- पनीर पराठा बेलते ही फट जाता है? जानिए ऐसी ट्रिक्स जो स्टफिंग को रखेंगी पूरी तरह अंदर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं