सब्जियों का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. लेकिन कुछ सब्जियों का नाम सुनते ही घर के बड़े से लेकर बच्चे तक मुंह-नाक बनाने लगते हैं और उन्हीं में से एक है बैंगन. लेकिन क्या हो अगर हम आपसे कहें कि शाम की चाय के साथ पेयर करने के लिए आप बैंगन से क्रिस्पी नाश्ता तैयार कर सकते हैं, जिसे बच्चे और बड़े सभी बड़े चाव से खाएंगे.
आज हम आपको पनीर और बैंगन के क्रिस्पी रोल्स की एक बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं जिसे शेफ हरपाल ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं बैंगन के स्वादिष्ट रोल-How To Make Baigan Roll Recipe:
सामग्री-
- 1 कप पनीर (कद्दूकस किया हुआ)
- ¼ कप पीकन नट्स (Pecan Nuts)
- 1 छोटा चम्मच अदरक (बारीक कटा हुआ)
- ½ छोटा चम्मचलहसुन (बारीक कटा हुआ)
- 3-4 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- ¼ कप लाल शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
- ¼ कप हरी शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
- ½ छोटा चम्मच चाट मसाला (स्टफिंग के लिए) ऊपर से छिड़कने के लिए.
- ½ छोटा चम्मच काली मिर्च (कुटी हुई) + ऊपर से छिड़कने के लिए अलग से
- ¼ छोटा चम्मच हरी इलायची पाउडर
- नमक: स्वादानुसार
- 1 बड़ा चम्मच बटर
- 1 बड़ा बैंगन
- 1 कप मैदा (बैटर के लिए)
- पानी- जरूरत के अनुसार
- 1 कप पांको ब्रेड क्रम्ब्स
- तेल- तलने के लिए
- पुदीने की पत्तियां गार्निशिंग के लिए
विधि-
- सबसे पहले एक बड़ा मिक्सिंग बाउल लें. इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर, बारीक कटे हुए पीकन नट्स, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, लाल शिमला मिर्च और हरी शिमला मिर्च डालें.
- अब स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें चाट मसाला, कुटी हुई काली मिर्च, इलायची पाउडर, स्वादानुसार नमक और एक चम्मच मक्खन डालें. इन सभी चीजों को हाथों या चम्मच से अच्छी तरह मिला लें. आपकी चटपटी स्टफिंग तैयार है.
- बैंगन को अच्छे से धो लें. अब इसे लंबाई में पतले और चौड़े स्लाइस में काट लें.
- एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. इन बैंगन के स्लाइस को पैन में रखें और हल्का सा ग्रिल करें. ग्रिल करते समय ऊपर से थोड़ी कुटी हुई काली मिर्च छिड़कें. हमें बैंगन को तब तक पकाना है जब तक कि वे थोड़े नरम और मुड़ने लायक न हो जाएं.
- पकने के बाद इन्हें एक प्लेट में निकाल लें.
- एक अलग बाउल में 1 कप मैदा और पानी मिलाकर एक स्मूथ बैटर तैयार कर लें.
- एक दूसरी प्लेट में 1 कप पांको ब्रेड क्रम्ब्स निकालें और उसमें 2 बड़े चम्मच सूखा मैदा डालकर अच्छे से मिक्स कर लें.
- अब एक ग्रिल किया हुआ बैंगन का स्लाइस लें. इसके एक किनारे पर एक चम्मच पनीर वाली स्टफिंग रखें. अब बैंगन को कसकर रोल करते हुए दूसरे किनारे तक ले जाएं. इसी तरह सारे रोल्स तैयार कर लें.
- तैयार किए गए हर एक रोल को पहले मैदे के बैटर में डुबोएं, फिर इसे ब्रेड क्रम्ब्स वाली प्लेट में डालकर चारों तरफ से अच्छी तरह कोट कर लें.
- अब एक कढ़ाई में तेल अच्छी तरह गर्म करें. इन रोल्स को गर्म तेल में डालें और तब तक डीप फ्राई करें जब तक कि ये बाहर से एकदम गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी न हो जाएं.
- तैयार रोल्स को तेल से निकालकर टिशू पेपर पर रखें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए. ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला और कुटी हुई काली मिर्च छिड़कें.
- पुदीने की पत्तियों से सजाकर इसे तीखी पुदीने की चटनी या अपनी मनपसंद स्पाइसी डिप के साथ गरमा-गरम सर्व करें.
| कुकिंग टिप्स- |
| 1. बैंगन के स्लाइस न तो बहुत ज्यादा मोटे होने चाहिए और न ही बहुत ज्यादा पतले. अगर स्लाइस मोटे होंगे तो रोल करने में टूट जाएंगे, और बहुत पतले होंगे तो ग्रिल करते समय गल जाएंगे. |
| 2. अगर आपके पास पीकन नट्स नहीं हैं, तो आप इसकी जगह बारीक कटे हुए काजू या अखरोट का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इससे भी स्टफिंग में बढ़िया क्रंच आएगा. |
| 3. रोल्स को एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाने के लिए पांको ब्रेड क्रम्ब्स का ही इस्तेमाल करें. अगर वो न मिले, तो नॉर्मल ब्रेड को मिक्सी में पीसकर और हल्का सुखाकर भी ब्रेड क्रम्ब्स बना सकते हैं. |
| 4. तेल हमेशा मीडियम से हाई फ्लेम पर गर्म होना चाहिए. ठंडे तेल में रोल डालने से वो बहुत ज्यादा तेल सोख लेंगे और ब्रेड क्रम्ब्स भी बिखर सकते हैं. |
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: आवंला मुरब्बा जाएंगे भूल अगर एक बार ट्राई कर लिया आम मुरब्बा, शेफ हरपाल ने शेयर की रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं