कई बार ऐसा होता है कि घर में कोई सब्जी नहीं है और तब समझ नहीं आता कि क्या बनाएं. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता क्योंकि हमारे साथ होता अक्सर होता है. अगर आपका जवाब हां है और किचन में प्याज रखी है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. क्योंकि आज हम आपको राजस्थानी प्याज की सब्जी बता रहे हैं. राजस्थान में प्याज की सब्जी को प्याज की सकरी भी कहते हैं. वहां ये सब्जी बाजरे की रोटी, दाल-बाटी और गट्टे के साथ खाई जाती है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की विधि.
राजस्थानी प्याज की सब्जी क्यों है इतनी फेमस-
राजस्थान में पानी की कमी के कारण पहले हरी सब्जियां कम मिलती थीं. इसलिए वहां के लोगों ने प्याज, लहसुन और सूखे मसालों से ही ऐसी सब्जियां बनानी शुरू कर दीं, जो 2-3 दिन तक भी खराब न हों. प्याज की सब्जी की खासियत यही है कि इसमें प्याज को ज्यादा नहीं गलाया जाता. प्याज थोड़ा कुरकुरा रहता है, मसाला भुना हुआ रहता है और ऊपर से घी की खुशबू आती है. ये जल्दी खराब नहीं होती.

Photo Credit: NDTV
कैसे बनाएं प्याज की सब्जी-
सामग्री-
- 4 बड़े प्याज
- 2 टमाटर
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 2 हरी मिर्च
- 1/2 कटोरी दही
- 2 चम्मच देसी घी या सरसों का तेल
- 1/2 चम्मच जीरा
- 1/4 चम्मच हींग
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 चम्मच हल्दी
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1/2 चम्मच गरम मसाला
- नमक स्वादानुसार
- हरा धनिया
विधि-
- इस सब्जी को बनाने के लिए प्याज को बारीक नहीं काटना है. उसे मोटे-मोटे टुकड़ों में काटिए.
- एक प्याज को 6-8 बड़े टुकड़ों में काट लें. प्याज के टुकड़ों को हाथ से अलग-अलग कर लें.
- अगर प्याज बारीक काट दिया, तो वो मसाले में ही घुल जाएगा और सब्जी का असली मजा खत्म हो जाएगा.
- कई लोग छोटे-छोटे प्याज का पूरा इस्तेमाल भी करते हैं.
- एक कड़ाही में 2 चम्मच देसी घी गर्म करें. घी गर्म होते ही जीरा और हींग डालें.
- जीरा चटकते ही अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर 1 मिनट भूनें.
- अब इसमें बारीक कटे टमाटर डालें और उसे नरम होने तक पकाएं. जब टमाटर से तेल छोड़ने लगे, तब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डाल दें.
- अब इसमें फेंटी हुई दही डालें और लगातार चलाते रहें. दही डालते समय आंच धीमी रखनी है, नहीं तो दही फट जाएगी.
- मसाला अच्छे से भुन जाए, तो इसमें मोटे कटे हुए प्याज डाल दें. प्याज को सिर्फ 3-4 मिनट तक पकाएं.
- प्याज को ज्यादा नहीं पकाना है, उसे थोड़ा कच्चा-कुरकुरा ही रखना है.
- आखिर में गरम मसाला और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
- अगर आपको ढाबे जैसा स्वाद चाहिए, तो आखिर में 1 चम्मच घी में थोड़ी सी कसूरी मेथी भूनकर ऊपर से डाल दें.
ये भी पढ़ें- बिना दूध के खीर कैसे बनाएं? जानें स्वादिष्ट और सीक्रेट रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं