बिहार-झारखंड का नाम आते ही लोगों को लिट्टी-चोखा याद आ जाता है. लेकिन वहां एक और ऐसी डिश है, जिसके आगे पिज्जा-बर्गर भी फीके लगते हैं. नाम है धुस्का और काला चना झारखंड में तो धुस्का सुबह का नाश्ता है. गरम-गरम फूला हुआ धुस्का, साथ में चटपटी आलू-चना की सब्जी और हरी चटनी बस यही मिल जाए तो दिन बन जाता है. बाहर से कुरकुरा, अंदर से नरम. एक बार खाओगे तो बार-बार बनाने का मन करेगा. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
कैसे बनाएं धुस्का काला चना रेसिपी-
सामग्री-
धुस्का के लिए-
- चावल
- चना दाल
- उड़द दाल
- हरी मिर्च
- अदरक
- लहसुन
- अजवाइन
- जीरा
- हींग
- हल्दी
- नमक स्वाद अनुसार
- तलने के लिए तेल
काला चना की सब्जी के लिए-
- काला चना
- आलू छिले हुए
- प्याज
- टमाटर
- अदरक-लहसुन
- जीरा
- हल्दी
- धनिया पाउडर
- छोले मसाला
- लाल मिर्च
- गरम मसाला
- सरसों का तेल
धुस्का का बैटर कैसे तैयार करें?
सबसे पहले चावल, चना दाल और उड़द दाल को एक साथ धोकर रातभर के लिए भिगो दें. साथ ही काला चना भी अलग से भिगो दें. सुबह चावल-दाल का पानी निकालकर मिक्सी में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर पीस लें. बैटर न ज्यादा पतला हो, न ज्यादा गाढ़ा. इडली के बैटर जैसा रखना है. अब हरी मिर्च, अदरक और लहसुन का पेस्ट बनाकर बैटर में मिला दें. इसे ढककर 2-3 घंटे के लिए खमीर उठने के लिए रख दें. जब बैटर थोड़ा फूल जाए, तो समझिए बैटर तैयार है. अब फर्मेंट किए हुए बैटर को एक चम्मच से 2 मिनट तक अच्छे से फेंटें. इसमें अजवाइन, जीरा, हींग, हल्दी और नमक मिला दें. बैटर एकदम हल्का और फूला हुआ लगेगा. कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल मीडियम गरम होना चाहिए, ज्यादा तेज नहीं. अब कलछी से बैटर उठाकर धीरे से तेल में डालें. धुस्का अपने आप फूलकर ऊपर आ जाएगा. इसे पलट-पलट कर गोल्डन होने तक तलें. ज्यादा धुस्का एक साथ मत डालें, नहीं तो वो चिपक जाएंगे.
यहां देखें रेसिपी वीडियो-
कैसे बनाएं काला चना और आलू की चटपटी सब्जी-
सबसे पहले कुकर में सरसों का तेल गर्म करें. उसमें जीरा, कटा हुआ अदरक-लहसुन और स्लाइस किया हुआ प्याज डालकर भूनें. प्याज सुनहरा हो जाए तो हल्दी, धनिया पाउडर, छोले मसाला, लाल मिर्च और नमक डालें. फिर कटे हुए टमाटर डालकर मसाला तब तक भूनें जब तक तेल न छोड़ने लगे. अब भीगा हुआ काला चना और बड़े टुकड़ों में कटे आलू डाल दें. थोड़ा पानी डालकर कुकर बंद कर दें और 4-5 सीटी आने तक पकाएं. आखिर में ऊपर से गरम मसाला डाल दें. सब्जी थोड़ी गाढ़ी ही रखनी है, ताकि धुस्का डुबोकर खाया जा सके.
ये भी पढ़ें- रसिया खीर से लेकर आटे के लड्डू तक, इन पकवानों के बिना अधूरी है छठ की पूजा, झटपट बनाएं ये खास रेसिपीज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं