Monsoon Soup Recipe: मानसून यानी बारिश का मौसम भला किसे पसंद नहीं है. ठंडी हवाएं, रिमझिम फुहारें और चाय-पकौड़े का कॉम्बिनेशन. लेकिन ये खुशनुमा मौसम अपने साथ कई तरह की बीमारियां भी लेकर आता है. बारिश के मौसम में इन्फेक्शन, एलर्जी, सर्दी-खांसी और जुकाम जैसी परेशानियां तेजी से बढ़ने लगती हैं. अगर आप भी इस मौसम में इम्यूनिटी को मजबूत और खुद को सेहतमंद रखना चाहते हैं, तो न्यूट्रिशनिस्ट द्वारा बताई इस रसम रेसिपी को डाइट में जरूर करें शामिल.
न्यूट्रिशनिस्ट अर्जिता सिंह (@we_nourish) पर सिर्फ 5 मिनट में बनने वाली रसम रेसिपी शेपर की है, तो चलिए बिना किसी देरी के जानते हैं इसे बनाने का तरीका.

स्वाद और सेहत से भरपूर रसम रेसिपी. (Image @we_nourish)
कैसे बनाएं स्वादिष्ट रसम रेसिपी- (How To Make Monsoon Rasam Recipe)
सामग्री-
- टमाटर: 4 से 5 (खट्टे और पके हुए)
- साबुत काली मिर्च: 1 बड़ा चम्मच
- जीरा: 2 छोटे चम्मच
- लहसुन: 4 से 5 कलियां
- अदरक: आधा इंच का टुकड़ा
- इमली: एक नींबू के साइज की
- धनिया के डंठल: एक मुट्ठी
- देसी घी: 1 बड़ा चम्मच
- राई: 1 बड़ा चम्मच
- कढ़ी पत्ता: 10 से 15
- सूखी लाल मिर्च: 2
- पानी: 4 कप (या जरूरत के अनुसार)
- नमक: स्वादानुसार
- रसम पाउडर: 1 बड़ा चम्मच
- बारीक कटा हरा धनिया: ढेर सारा (गार्निशिंग के लिए)
- हींग: एक चुटकी
विधि-
- सबसे पहले एक ब्लेंडर लें. इसमें टमाटर, काली मिर्च, अदरक, लहसुन, 1 छोटा चम्मच जीरा, इमली और धनिया के डंठल डालें. इन सभी चीजों को मिक्सी में अच्छी तरह पीसकर एक स्मूथ पेस्ट बना लें.
- अब गैस पर एक गहरे बर्तन या पॉट को गर्म करें और उसमें 1 चम्मच घी डालें. जब घी गर्म हो जाए, तो इसमें हींग, राई, 1 छोटा चम्मच जीरा, कढ़ी पत्ता और सूखी लाल मिर्च डालें. इन सभी मसालों को अच्छे से चटकने दें.
- जैसे ही तड़का तैयार हो जाए, इसमें मिक्सी में पिसा हुआ टमाटर वाला पेस्ट डाल दें. अब इस पेस्ट को तेज आंच पर 5 से 7 मिनट के लिए अच्छी तरह भूनें ताकि टमाटर और लहसुन का कच्चापन निकल जाए.
- जब पेस्ट अच्छे से पक जाए, तो इसमें स्वादानुसार नमक और 1 बड़ा चम्मच रसम पाउडर डालें. इसे एक बार चलाएं और फिर इसमें 4 कप पानी मिला दें.
- अब गैस की आंच को धीमा से मध्यम कर दें और रसम को 10 मिनट तक अच्छी तरह उबलने दें. इससे सभी मसालों का फ्लेवर पानी में अच्छी तरह घुल जाएगा.
- 10 मिनट बाद गैस बंद कर दें. ऊपर से ढेर सारा फ्रेश और बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें. आपका गरमा-गरम, खट्टा-तीखा और सेहतमंद रसम तैयार है.
- इसे सूप की तरह पिएं या सादे उबले हुए चावल के साथ खाएं.
कुकिंग टिप्स-
- रसम बनाने के लिए हमेशा हाइब्रिड टमाटर की जगह देसी टमाटर का इस्तेमाल करें. देसी टमाटर ज्यादा खट्टे और जूसी होते हैं, जिससे रसम का असली पारंपरिक स्वाद आता है.
- अक्सर लोग धनिया की पत्तियों का इस्तेमाल करते हैं और डंठल फेंक देते हैं. लेकिन रसम में असली खुशबू और स्वाद धनिया के डंठल से ही आता है. इसे टमाटर के साथ पीसना बिल्कुल न भूलें.
- तेल की जगह रसम में हमेशा देसी घी का तड़का लगाएं. घी न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है, बल्कि बारिश के मौसम में हमारे गले और डाइजेशन के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है.
- रसम गाढ़ा नहीं होता, यह बिल्कुल पतले सूप जैसा होता है. इसलिए पानी की मात्रा कम न करें. अगर उबलते समय पानी ज्यादा कम लगे, तो आप थोड़ा गुनगुना पानी और मिला सकते हैं.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: मीठा खाने के हैं शौकीन, तो एक बार जरूर ट्राई करें चॉकलेट बनाना प्रोटीन केक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं