यह ख़बर 17 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

सरोगेसी विवाद में फंसे शाहरुख खान

खास बातें

  • अभिनेता शाहरुख खान सरोगेसी के जरिये अपने तीसरे बच्चे का जन्म-पूर्व लिंग पता लगाने की खबरों के बाद एक नए विवाद में फंस गए हैं।
मुंबई:

अभिनेता शाहरुख खान सरोगेसी के जरिये अपने तीसरे बच्चे का जन्म-पूर्व लिंग पता लगाने की खबरों के बाद एक नए विवाद में फंस गए हैं।

खबरों के मुताबिक शाहरुख ने सरोगेट मां के माध्यम से एक लड़के की उम्मीद जताई है। बच्चे के जन्म से पहले उसके लिंग का पता लगाने की खबरों के बारे में प्रतिक्रिया के लिए जब उनके एक सहयोगी से संपर्क किया गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से मना कर दिया।

महाराष्ट्र सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एक गैर सरकारी संगठन और इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन द्वारा इस मामले में जांच कराने की मांग के बाद उन्होंने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को खबरों की पड़ताल करने को कहा है।

अधिकारी ने कहा कि नगर निगम के तहत आने वाले क्षेत्रों में जन्म-पूर्व लिंग निर्धारण से जुड़े पीसीपीएनडीटी कानून के क्रियान्वयन का अधिकार क्षेत्र नगर निगम के अधिकारियों के दायरे में ही है।

इस बीच, बीएमसी के स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर इस मामले में जानकारी जुटाने के लिए शाहरुख के बांद्रा स्थित बंगले ‘मन्नत’ पहुंचे लेकिन अभिनेता के घर पर नहीं होने के चलते उन्हें लौटना पड़ा।

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरण बामने ने कहा, ‘हमारे अधिकारी उनके घर गए थे। शाहरुख के कारोबार प्रबंधक ने उन्हें बताया कि अभिनेता ने सरोगेसी के माध्यम से लड़के के जन्म के बारे में कोई बयान नहीं दिया है।’ खबरों में दावा किया गया है कि 47 वर्षीय शाहरुख और उनकी पत्नी गौरी सरोगेसी के माध्यम से अपने परिवार में एक नन्हे सदस्य के शामिल होने का इंतजार कर रहे हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शाहरुख और गौरी के बेटे का नाम आर्यन और पुत्री सुहाना हैं।