President Polls Voting: द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा, कौन बनेगा देश का अगला राष्ट्रपति? 21 जुलाई को फैसला

राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) तथा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) उम्मीदवार हैं. मुर्मू निर्वाचित होने पर मुर्मू आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति होंगी.

नई दिल्ली: देश के 15वें राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई, सोमवार को वोटिंग हुई. वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी और अगले राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण 25 जुलाई को होगा. राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) तथा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) उम्मीदवार हैं. द्रौपदी मुर्मू इसके पहले झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं. आदिवासी नेता मुर्मू निर्वाचित होने पर मुर्मू आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति होंगी.

राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी बड़ी बातें

  1. देशभर के सांसदों और विधायकों ने एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा में से किसी एक को भारत के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर चुनने के लिए सोमवार को मतदान किया. 10 राज्‍यों और एक केंद्र शासित क्षेत्र में रिकॉर्ड 100 फीसदी वोटिंग हुई.  कुल मतदान 99 फीसदी रहा. जिन 10 राज्‍यों में 100 फीसदी वोटिंग हुई, उनमें छत्‍तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, मध्‍य प्रदेश, मणिपुर, सिक्किम और तमिलनाडु शामिल हैं. यूटी पुडुच्‍चेरी में भी 100 फीसदी मतदान हुआ. 
     

  2. सांसदों ने संसद की कक्ष संख्या-63 में बनाए गए मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. वहीं, विधायकों ने राज्य विधानसभाओं में मतदान किया. देश में 776 सांसदों और 4033 विधायकों सहित कुल 4,809 मतदाता चुनाव में मतदान करने के हकदार हैंण्‍मनोनीत सांसदों और विधायकों, तथा विधान परिषद के सदस्यों को यह अधिकार नहीं है.

  3. राष्ट्रपति चुनाव के रिटर्निंग अफसर ने कहा है, संसद में वोट डालने के लिए अधिकृत 736 निर्वाचक (727 सांसद, 9 विधायक) में से 730 ने वोट डाला है. इसमें 721 सांसद और 9 विधायक शामिल हैं. 6 सांसदों ने वोट नहीं डाला. राष्ट्रपति चुनाव के बैलेट बॉक्स सोमवार रात तक संसद भवन पहुंच जाएंगे. मतगणना 21 जुलाई को कराई जाएगी.

  4. पीएम नरेंद्र मोदी और पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह वोटिंग प्रारंभ होने के बाद पहले घंटे में वोट डालने वाले राजनेताओं में रहे. देश के 15वें राष्‍ट्रपति को चुनने के लिए सांसदों ने भी संसद में लाइन में लगकर अपने मताधिकार का उपयोग किया.

  5. पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्‍टर मनमोहन सिंह और समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव व्‍हीलचेयर पर वोट डालने के लिए पहुंचे. 

  6. वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारमण और ऊर्जा मंत्री आरके सिंहने गुरुवार को पीपीई किट (PPE kit)में अपना वोट डाला. दोनों मंत्रियों को बैलेट बॉक्‍स में वोट डालते समय अपने आप को पूरी तरह कवर कर रखा था क्‍योंकि वे कोविड-19 संक्रमित हैं. 

  7. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दबदबे और बीजू जनता दल (बीजद), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), शिरोमणि अकाली दल, शिवसेना और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जैसे क्षेत्रीय दलों के समर्थन के साथ मुर्मू की वोट हिस्सेदारी लगभग दो-तिहाई तक पहुंचने की संभावना है और वह सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली आदिवासी समुदाय की पहली नेता और दूसरी महिला होंगी

  8. मध्य प्रदेश विधानसभा के सभी 230 सदस्यों ने देश के अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए यहां विधानसभा परिसर में सोमवार को मतदान किया. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लगभग 11.30 बजे मतदान किया.

  9. राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए राजस्थान विधानसभा में मतदान में कुल 200 में से 198 विधायकों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया.

  10. विभिन्न राज्यों के कई विधायकों ने सोमवार को कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में अपनी पार्टी लाइन का पालन नहीं कर एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में ‘क्रॉस वोट' किया. इनमें झारखंड और गुजरात में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक और हरियाणा तथा ओडिशा में कांग्रेस विधायक हैं जिन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर वोट किया. राष्ट्रपति चुनाव के लिए 10 राज्यों में 100 फीसदी मतदान हुआ.