Goa CM Manohar Parrikar: रविवार शाम मनोहर पर्रिकर का निधन हो गया...
नई दिल्ली:
- मनोहर पर्रिकर (Goa CM Manohar Parrikar) का रविवार को उनके निजी आवास पर अग्नाशय कैंसर से निधन हो गया. आधिकारिक तौर पर कहा गया था कि वह अग्नाशय संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं. इसके बाद राज्य में भाजपा नीत गठबंधन दलों ने एक नए नेता की तलाश में बैठक की.
- 40 विधानसभा सीटों वाले राज्य में भाजपा (BJP) के पास 12 विधायक हैं. वहीं भाजपा को गोवा फॉरवर्ड पार्टी और एमजीपी के तीन-तीन और एक एनसीपी विधायक का समर्थन हासिल है. इसके अलावा एक निर्दलीय उम्मीदवार भी भाजपा के समर्थन में है. कांग्रेस के पास 14 विधायक हैं.
- इस साल के शुरु में भाजपा विधायक फ्रांसिस डिसूजा और रविवार को पर्रिकर के निधन तथा पिछले साल कांग्रेस (Congress) के दो विधायकों सुभाष शिरोडकर और दयानंद सोपटे के इस्तीफे के कारण सदन में विधायकों की संख्या 36 रह गयी है.
- गोवा में अब सरकार बनाने के लिए 19 विधायकों की जरूरत है. भाजपा के पास गोवा फॉरवर्ड पार्टी और एमजीपी सहित अन्य साथी दलों के समर्थन से 20 विधायक हैं. ऐसे में भाजपा को सरकार गिरने का डर कम है. हालांकि, कांग्रेस सरकार बनाने का दावा पेश कर रही है तो हो सकता है भाजपा के सहयोगी दल कांग्रेस के संपर्क में हों.
- कांग्रेस ने कहा कि राज्यपाल मृदुला सिन्हा उनके पत्र का कोई जवाब नहीं दे रही हैं और ना ही उन्होंने उन्हें समय दिया. उन्होंने आरोप लगाया राज्यपाल 'भाजपा कार्यकर्ता' की तरह काम कर रही हैं.
- भाजपा ने रविवार को अपने दो पर्यवेक्षक गोवा रवाना कर दिए थे और अपने विधायकों को राज्य में बने रहने के लिए कहा. यह निर्देश कांग्रेस का सरकार बनाने का दावा पेश करने और पर्रिकर की तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद दिए गए थे.
- पर्यवेक्षक तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव और नोर्थ और साऊथ गोवा सीट पर लोकसभा चुनाव के लिए रणनीतियों पर भी चर्चा करेंगी. पार्टी की चुनाव समिति ने रविवार रात को पणजी में बैठक भी की.
- साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में गोवा में कांग्रेस को सबसे ज्यादा सीटें मिली थीं. लेकिन भाजपा ने अन्य दलों को अपने पाले में लाकर सरकार बनाने में बाजी मार ली.
- वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत ने उन खबरों का खंडन कर दिया, जिसमें कहा गया था कि अगर भाजपा उन्हें मनोहर पर्रिकर की जगह सीएम बनाती है, तो वह भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं. हालांकि, कामत ने इन खबरों का खंडन करते हुए कहा कहा, 'भाजपा के साथ जाना राजनीतिक आत्महत्या' होगी.
- मनोहर पर्रिकर की तबीयत पिछले एक साल से खराब चल रही थी. कांग्रेस इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी पर लगातार निशाना बनाती रही है. पर्रिकर की तबीयत खराब होने के बाद से कांग्रेस ने हमेशा उनके काम करने की क्षमता को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Manohar Parrikar, Goa, BJP, Congress