Vastu Tips For Home: घर को सुंदर बनाने के लिए लोग तरह-तरह की पेंटिंग और फोटो लगाते हैं, लेकिन वास्तु शास्त्र में कुछ तस्वीरों को खास महत्व दिया गया है. इनमें उगते सूरज की तस्वीर सबसे शुभ मानी जाती है. कहा जाता है कि उगते सूरज की फोटो घर में सकारात्मक ऊर्जा लाती है और माहौल को खुशहाल बनाए रखती है. कई लोग बिना सही जानकारी के कहीं भी ऐसी तस्वीर लगा देते हैं, जबकि वास्तु में इसके लिए सही दिशा और सही जगह बताई गई है. अगर नियमों का ध्यान न रखा जाए तो इसका असर उल्टा भी हो सकता है.
उगते सूरज की तस्वीर क्यों मानी जाती है शुभ
वास्तु शास्त्र के अनुसार उगता सूरज नई शुरुआत, उम्मीद और ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि इसकी तस्वीर घर में लगाने से आत्मविश्वास बढ़ता है और परिवार में सकारात्मक सोच बनी रहती है. ऐसा भी कहा जाता है कि इससे घर का माहौल शांत और उत्साह से भरा रहता है.
रेवती नक्षत्र में प्रवेश करेंगे शनि, वृषभ-मिथुन समेत इन 4 राशियों को होगा लाभ, हो सकता है प्रमोशन
किस दिशा में लगानी चाहिए फोटो
वास्तु विशेषज्ञों के मुताबिक उगते सूरज की तस्वीर लगाने के लिए पूर्व दिशा सबसे अच्छी मानी जाती है. क्योंकि सूरज पूर्व दिशा से निकलता है, इसलिए यह दिशा ऊर्जा और तरक्की से जुड़ी मानी जाती है. अगर पूर्व दिशा में जगह न हो तो दक्षिण दिशा में भी इसे लगाया जा सकता है. वहीं उत्तर और पश्चिम दिशा में ऐसी तस्वीर लगाने से बचना चाहिए.
घर के किस हिस्से में लगाना रहेगा बेहतर
उगते सूरज की तस्वीर ड्रॉइंग रूम, हॉल या ऑफिस में लगाना शुभ माना जाता है. इससे घर में आने वाले लोगों पर भी अच्छा प्रभाव पड़ता है. हालांकि बेडरूम, खासकर पति-पत्नी के कमरे में ऐसी तस्वीर लगाने की सलाह नहीं दी जाती. वास्तु में इसे सही नहीं माना गया है.
तस्वीर लगाते समय रखें ये सावधानियां
हमेशा साफ और अच्छी क्वालिटी वाली तस्वीर ही लगानी चाहिए. फटी, टूटी या धुंधली फोटो घर में नहीं रखनी चाहिए. तस्वीर में सूरज साफ दिखाई देना चाहिए और उसका फ्रेम भी ठीक होना चाहिए. मान्यता है कि खराब तस्वीरें घर की सकारात्मक ऊर्जा को प्रभावित कर सकती हैं.
किन तस्वीरों से बचना चाहिए
वास्तु शास्त्र में डूबते सूरज, युद्ध, रोते हुए बच्चों और कांटेदार पौधों की तस्वीरों को शुभ नहीं माना गया है. कहा जाता है कि ऐसी तस्वीरें घर में नकारात्मक माहौल पैदा कर सकती हैं. इसलिए सजावट करते समय तस्वीरों का चुनाव सोच-समझकर करना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं