विज्ञापन

23 जून को मनाया जाएगा मां नयना देवी मंदिर का स्थापना दिवस, सुबह 7 बजे होगी कुल पूजा, देखें पूरी जानकारी

23 जून को नैनीताल स्थित विश्व प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है. इसके लिए मंदिर प्रशासन और ट्रस्ट ने तैयारियां तेज कर दी हैं. साथ ही ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है.

23 जून को मनाया जाएगा मां नयना देवी मंदिर का स्थापना दिवस, सुबह 7 बजे होगी कुल पूजा, देखें पूरी जानकारी
23 जून को मां नयना देवी मंदिर का स्थापना दिवस
Photo Credit: नैनीताल टूरिज्म आधिकारिक वेबसाइट

हर साल 23 जून को नैनीताल स्थित विश्व प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर का स्थापना दिवस मनाया जाता है. इस समारोह के लिए मंदिर प्रशासन और ट्रस्ट ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है. आपको बता दें कि मंदिर के पास स्थित प्रसिद्ध नैनी झील भी मां नैना देवी की महिमा से जुड़ी हुई है, जिसके कारण इसे नैनी झील के नाम से जाना जाता है. आइए जानते हैं 23 जून को होने वाले पूरे कार्यक्रम के बारे में... 

23 जून तक श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन

मां नैना देवी अमर उदय ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव लोचन साह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि मां नयना देवी मंदिर अत्यंत प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है. साथ ही उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 23 जून तक नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है. प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाली कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं. ट्रस्ट का अनुमान है कि स्थापना दिवस के दिन हजारों भक्त मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचेंगे.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: नैनीताल टूरिज्म आधिकारिक वेबसाइट

श्रद्धालुओं के लिए किए गए इंतजाम

राजीव लोचन साह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं. पहली बार मंदिर के निकास द्वार को भी श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए खोला गया है, जिससे भीड़ नियंत्रण और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके. इसके अलावा मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जूते-चप्पल रखने की व्यवस्था मंदिर के बाहर की गई है. ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है.

23 जून का पूरा कार्यक्रम

राजीव लोचन साह ने बताया कि 23 जून को ब्रह्म मुहूर्त में मां नयना देवी की विशेष पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. सुबह 7 बजे से कुल पूजा आयोजित की जाएगी. इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक देव पूजन एवं पूर्णाहुति का कार्यक्रम होगा. दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक व्यास पूजन, पुस्तक पूजन और कन्या पूजन संपन्न कराया जाएगा. श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभंडारे का भी आयोजन किया गया है. शाम 5 बजे से 7 बजे तक भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि स्थापना दिवस को भव्य, सुव्यवस्थित और आध्यात्मिक रूप से यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं.

यह भी पढ़ें: Budh Gochar 2026: 22 जून को चाल बदलेंगे ग्रहों के राजकुमार बुध, इन 5 राशियों को मिलेगा शुभ परिणाम, बन सकते हैं रुके हुए काम

यह भी पढ़ें: ग्रहों के अशुभ प्रभाव को कम करने के लिए क्या करें? पंडित जी से जानिए उपाय

लेखक के बारे में
img
गुरुत्व राजपूत
सब एडिटर
गुरुत्व राजपूत, वर्तमान में एनडीटीवी में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और यूटिलिटी, आस्था और जरा हटके से जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. गुरुत्व पिछले... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Faith News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com