Chaitra Navratri 2026: हिंदू धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व माना जाता है. साल में चार बार नवरात्रि आते हैं, जिनमें चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि सबसे ज्यादा लोकप्रिय होते हैं. चैत्र नवरात्रि का संबंध मां दुर्गा की उपासना और नए साल की शुरुआत से भी माना जाता है. इन नौ दिनों में श्रद्धालु मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा करते हैं और व्रत रखकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं. आइए ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित से जानते हैं इस बार नवरात्रि कितने दिन के होंगे, चैत्र नवरात्रि की शुरुआत कब से होगी और घटस्थापना का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा.
यह भी पढ़ें- Chaitra Navratri 2026: चैत्र नवरात्रि पर घर में किन चीजों को लाने से बढ़ेगा गुडलक और बरसेगा मां भगवती का आशीर्वाद?
कब से हैं चैत्र नवरात्रि 2026?
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, साल 2026 में चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च, गुरुवार से होगी और इसका समापन 27 मार्च, शुक्रवार को होगा. इस तरह इस साल नवरात्रि पूरे 9 दिनों तक मनाए जाएंगे. धार्मिक मान्यता के अनुसार इन दिनों मां दुर्गा पृथ्वी पर आती हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करती हैं. इस बार मां दुर्गा की सवारी पालकी मानी जा रही है.
नवरात्रि के पहले दिन यानी प्रतिपदा तिथि पर घटस्थापना (कलश स्थापना) की जाती है. इसे नवरात्रि पूजा की शुरुआत माना जाता है. घरों और मंदिरों में विधि-विधान से कलश स्थापित कर मां दुर्गा का आह्वान किया जाता है.
घटस्थापना का शुभ मुहूर्तपंचांग के अनुसार, 19 मार्च को घटस्थापना का शुभ समय सुबह 6 बजकर 52 मिनट से 7 बजकर 53 मिनट तक रहेगा. हालांकि, अगर किसी कारणवश इस समय पूजा न कर सकें तो दोपहर के अभिजीत मुहूर्त में भी घटस्थापना की जा सकती है. यह मुहूर्त 12 बजकर 05 मिनट से 12 बजकर 53 मिनट तक रहेगा.
चैत्र नवरात्रि 2026 का नौ दिनों का कैलेंडर- 19 मार्च (गुरुवार)- प्रतिपदा, मां शैलपुत्री की पूजा और घटस्थापना
- 20 मार्च (शुक्रवार)- द्वितीया, मां ब्रह्मचारिणी की पूजा
- 21 मार्च (शनिवार)- तृतीया, मां चंद्रघंटा की पूजा
- 22 मार्च (रविवार)- चतुर्थी, मां कूष्मांडा की पूजा
- 23 मार्च (सोमवार)- पंचमी, स्कंदमाता की पूजा
- 24 मार्च (मंगलवार)- षष्ठी, मां कात्यायनी की पूजा
- 25 मार्च (बुधवार)- सप्तमी, मां कालरात्रि की पूजा
- 26 मार्च (गुरुवार)- अष्टमी, मां महागौरी की पूजा और दुर्गा अष्टमी
- 27 मार्च (शुक्रवार)- नवमी, कन्या पूजन और नवरात्र का समापन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं