Gupt Navratri 2026 Worship Remedies: सनातन परंपरा में 10 महाविद्या की पूजा का बहुत ज्यादा धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व माना गया है. देवी दुर्गा के इन 10 दिव्य स्वरूपों की पूजा पुण्यफल पाने के लिए माघ और आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि अत्यंत ही शुभ मानी गई है. हिंदू मान्यता के अनुसार गुप्त नवरात्रि में देवी के इन सभी स्वरूपों की तंत्र, मंत्र और विभिन्न प्रकार से पूजा-पाठ करने पर साधक को सुख, सौभाग्य और अलौकिक सिद्धियों की प्राप्ति होती है.
यदि आप किसी कारणवश अब तक गुप्त नवरात्रि की पूजा का पुण्यफल न प्राप्त कर पाए हों तो इसके आखिरी दिन यानि नवमी तिथि पर पूजा के कुछेक उपाय करके मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं. आइए गुप्त नवरात्रि की नवमी तिथि पर किए जाने उन अचूक उपायों के बारे में विस्तार से जानते हैं, जिसे करते ही साधक की सभी कष्ट दूर और कामनाएं पूरी होती हैं.
गुप्त नवरात्रि की नवमी पर किस देवी की करें पूजा?

हिंदू मान्यता के अनुसार आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि की नवमी तिथि पर दो महाविद्या मां मातंगी और मां कमला की पूजा का विधिान है. इसमें से मां मांतगी को गीत-संगीत, कला और ज्ञान की देवी के रूप में पूजा जाता है तो वहीं मां कमला की साधना साधक को सभी प्रकार की सिद्धि, सुख-साधन प्रदान करती है. हिंदू मान्यता के अनुसार आषाढ़ गुप्त नवरात्रि पर देवी दुर्गा के इन दो दिव्य स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा करने पर साधक को धन-धान्य, मान-सम्मान और सुख-वैभव की प्राप्ति होती है.
मां मातंगी की पूजा का उपाय

हिंदू मान्यता के अनुसार मां मातंगी के बारे में महर्षि विश्वामित्र ने कहा है कि मातंगी साधना में शेष सभी 9 महाविद्या का समावेश हो जाता है. ऐसे में गुप्त नवरात्रि के आखिरी दिन मां मातंगी से मनचाहा वरदान पाने के लिए साधक को उनकी पूजा में 'ॐ ऐं ह्रीं श्रीं मातंग्यै नमः' या फिर 'ॐ ह्रीं क्लीं हूं मातंग्यै फट् स्वाहा' का अधिक से अधिक जप करना चाहिए. मान्यता है कि मां मातंगी विधि-विधान से पूजा और मंत्र जप करने से साधक को धन-धान्य, सुख-समृद्धि के साथ वाणी, संगीत और कला आदि में सिद्धि प्राप्त होती है.
मां कमला की पूजा का उपाय

अपनी कामनाओं को शीघ्र ही पूरा करने के लिए साधक को गुप्त नवरात्रि के आखिरी दिन विधि-विधान से मां कमला की पूजा करनी चाहिए. मान्यता है कि जो व्यक्ति देवी कमला की पूजा में कमल पुष्प और खीर का भोग अर्पित करने के बाद कमलगट्टे की माला से उनके मंत्र 'ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं क्लीं ॐ महालक्ष्म्यै नमः' का जप करता है, उसे सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होती है. मां कमला के आशीर्वाद से उसकी सभी आर्थिक बाधाएं दूर होती हैं.
देवी कृपा पाने के लिए ये भी करें उपाय
- आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि पर देवी दुर्गा के मंदिर में जाकर नारियल, चुनरी और श्रृंगार की सामग्री चढ़ाकर माता के सामने अपनी कामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करें.
क्या वाकई बलि से मनोकामना पूरी होती है? बलि का इतिहास और इसका तंत्र से नाता
- कर्ज से मुक्ति और आर्थिक दिक्कतों को दूर करने के लिए गुप्त नवरात्रि के अंतिम दिन श्री यंत्र की पूजा और श्री सूक्त का पाठ करें.
- आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि के अंतिम दिन देवी कृपा पाने के लिए पूजा में विशेष रूप से दुर्गा कवच का पाठ करें.
- गुप्त नवरात्रि की नवमी तिथि पर 9 कन्याओं और भैरव स्वरूप बालक की पूजा करके उन्हें भोग - प्रसाद खिलाएं और उन्हें दक्षिणा, उपहार आदि देकर आशीर्वाद प्राप्त करें.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं