Mulank 9 Wale Log Kaise Hote Hain: अंकशास्त्र (Numerology) में मूलांक 9 का संबंध मंगल ग्रह से जोड़कर देखा जाता है. ऐसे जातक काफी उर्जावान होते हैं. ऐसे लोगों को अक्सर बात-बात में गुस्सा आ जाता है. मूलांक 9 वाले लोग काफी जुनूनी होते हैं. यदि ये किसी बात को एक बार ठान लें तो उसे करने के बाद ही दम लेते हैं, लेकिन कई बार ये अति उत्साह या फिर जिद या फिर कहें क्रोध में आकर अपनी तमाम कीमती चीजों को आसानी से लुटा देते हैं. अपनी आन-बान-शान के लिए ये किसी भी चीज की परवाह नहीं करते हैं. आइए मूलांक 9 वालों के तमाम गुणों के साथ उनकी सबसे बड़ी ताकत, कमजोरी और उनके लकी नंबर आदि के बारे में विस्तार से जानते हैं.
मूलांक 9 की ताकत (Number 9 Strengths)
अंक ज्योतिष के अनुसार 09, 18 अथवा 27 तारीख को जन्में लोग अक्सर मंगल ग्रह से प्रभावित होते हैं और कभी भी किसी दूसरे के भरोसे नहीं रहते हैं और अपनी तरक्की के लिए खुद रास्ता तैयार करते हैं. ऐसे लोग किसी के अधीन होकर काम करने की बजाय स्वतंत्र होकर काम करना पसंद करते हैं. मूलांक 9 वाले लोग अनुशासन प्रिय होते हैं और जिस चीज को अपने हाथ में लेते हैं उसे पूरा करके ही मानते हैं. किसी भी प्रकार की बाधा इन्हें इनके लक्ष्य से नहीं डिगा पाती है.
मूलांक 9 की कमजोरी (Number 9 Weaknesses)
क्रोध, अति उत्साह और जिद मूलांक 9 वालों की सबसे बड़ी कमजोरी होती है. अक्सर ये लोग क्रोध या फिर कहें अभिमान के कारण लोगों से झगड़ा कर बैठते हैं. मूलांक 9 वालों के लिए अक्सर दुस्साहस घाटे का सौदा साबित होता है. ऐसे लोग अक्सर गलतफहमी के शिकार होते हैं और इन्हें प्रेम में अक्सर धोखा मिलता है.
मूलांक 9 वालों के लिए शुभ तारीखें (Auspicious Dates for Number 9)
मूलांक 9 वालों के लिए किसी भी महीने की 9, 18, और 27 तारीख अक्सर शुभता और सौभाग्य लिए रहती है. ऐसे में इस मूलांक वालों को अपने महत्वपूर्ण कार्य इन्हीं तारीखों पर करने का प्रयास करना चाहिए. मूलांक 9 वालों के आचार-विचार 3 और 6 वालों से भी काफी हद तक मिलते हैं.
मूलांक 9 वालों का शुभ दिन (Auspicious Days for Number 9)
जिन लोगों का मूलांक 9 होता है, उनके लिए किसी भी सप्ताह में पड़ने वाला मंगलवार, गुरुवार, और शुक्रवार का दिन अत्यंत ही शुभ और लाभप्रद साबित होता है. यदि ये दिन किसी भी महीने की 9, 18, और 27 को पड़ें तो उसकी शुभता और भी अधिक बढ़ जाती है.
मूलांक 9 वालों का लकी कलर (Lucky Colors for Number 9)
मूलांक 9 के लकी कलर की बात करें तो लाल, गुलाबी, केसरिया या फिर हल्का पीला रंग इनके लिए अत्यंत ही शुभ साबित होता है. ऐसे में इन लोगों को इस रंग के अधिक से अधिक कपड़े पहनने का प्रयास करना चाहिए. यदि आप इन रंग के कपड़ों को प्रतिदिन न पहन सकें तो कम से कम रुमाल, टाई, आदि का प्रयोग करें.
मूलांक 9 वालों के लिए उपाय (Best Remedy for Number 9)
मूलांक 9 वालों को जीवन में तमाम तरह की बाधाओं से बचने और शुभ फल की प्राप्ति के लिए प्रतिदिन हनुमान जी साधना-आराधना करनी चाहिए. वहीं मूंगा रत्न इनके लिए बेहद लकी साबित होता है. हालांकि इस उपाय को करने से पहले किसी ज्योतिषी से सलाह अवश्य लें.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं