विज्ञापन
This Article is From Apr 26, 2017

MCD Results: 'आप' की करारी हार के बाद दिल्ली के संयोजक दिलीप पांडे ने केजरीवाल को भेजा इस्तीफा

MCD Results: 'आप' की करारी हार के बाद दिल्ली के संयोजक दिलीप पांडे ने केजरीवाल को भेजा इस्तीफा
दिलीप पांडे ने राष्‍ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को इस्‍तीफा भेज कहा, इस पद की जिम्‍मेदारी किसी और व्‍यक्ति को सौंपी जाए. (फाइल फोटो)
  • दिलीप पांडे ने ट्विटर पर दी अपने इस्तीफे की जानकारी
  • केजरीवाल से कहा- अब किसी और को दी जाए जिम्मेदारी
  • दो दिन पहले पांडे ने चुनाव नतीजों में धांधली की आशंका जताई थी
नई दिल्‍ली: दिल्‍ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में करारी शिकस्‍त के बाद आम आदमी पार्टी में भी इस्‍तीफों का दौर शुरू हो गया. 

एमसीडी चुनावों में हार के बाद पार्टी केे दिल्ली संयोजक दिलीप पांडे ने राष्‍ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को अपना इस्‍तीफा भेज दिया. उन्‍होंने कहा है कि इस पद की जिम्‍मेदारी किसी और व्‍यक्ति को सौंपी जाए.

चुनाव में पार्टी की करारी हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देते हुए पांडे ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी. उन्‍होंने लिखा कि 'मैंने आप के दिल्ली संयोजक पद से इस्तीफा दे दिया है और इसकी जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को देते हुए यह जिम्मेदारी किसी और को सौंपने का अनुरोध किया है'. 

पांडे को बतौर प्रदेश संयोजक नगर निगम चुनाव के प्रचार अभियान और इसकी रणनीति की दिल्ली के प्रभारी आशीष तलवार के साथ साझा जिम्मेदारी सौंपी गई थी. चुनाव परिणाम आने से दो दिन पहले ही पांडे ने चुनाव परिणाम में धांधली की आशंका जताते हुए कहा था कि एक्जिट पोल में भाजपा की जीत की संभावनाएं जताकर इसका आधार तैयार किया जा रहा है.

इससे पूर्व आम आदमी पार्टी की विधायक अलका लांबा ने अपने क्षेत्र में आप प्रत्याशियों की हार की जिम्मेदारी लेते हुए विधायक और पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने की पेशकश की है. चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली अलका ने ट्वीट किया, ''मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र के सभी तीन वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों की हार की निजी जिम्मेदारी लेती हूं और पार्टी के सभी पदों और विधायक के तौर पर भी इस्तीफे की पेशकश करती हूं.'' बहरहाल, अलका ने कहा कि वह केजरीवाल को समर्थन और उन्हें मजबूती प्रदान करना जारी रखेंगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MCD Election Results 2017, MCD Results 2017, Aam Aadmi Party (AAP), Arvind Kejriwal AAP, Dilip Pandey AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com