- दिल्ली पुलिस ने दो शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार किया है. दोनों ही अकेले लोगों को निशाना बनाती थी.
- दोनों महिलाओं ने एक बुजुर्ग को गिराकर उससे सोने की अंगूठी लूट ली थी.
- दिल्ली पुलिस ने बताया दोनों महिलाएं पहले भी इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं.
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में बुजुर्ग को गिराकर सोने की अंगूठी लूटने के मामले में पुलिस ने दो शातिर महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों महिलाएं पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं. इससे पहले वे वसंत कुंज नॉर्थ इलाके में एक क्रेटा कार सवार को भी अपना शिकार बना चुकी थीं. दोनों आरोपी शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं. महिलाएं अकेले सफर कर रहे लोगों को निशाना बनाती थीं. इसी तरह से उन्होंने दिल्ली के अलग-अलग इलाको में लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया था.
महिलाओं ने बुजुर्ग को लूटा
दिल्ली पुलिस ने बताया कि 60 साल के राम कुमार (बदला हुआ नाम) 6 जुलाई को कापसहेड़ा स्थित एक वेयरहाउस में नौकरी के इंटरव्यू के बाद बाइक से घर लौट रहे थे. फन एंड फूड के पास अचानक दो महिलाएं उनकी बाइक के सामने आ गईं. ऐसे में ब्रेक लगाने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े. आरोप है कि दोनों महिलाएं उन्हें उठाने के बहाने पास आईं. एक महिला ने उनके दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि दूसरी ने उनका ध्यान भटकाने के लिए उनके निजी अंग को जोर से दबा दिया. दर्द से कराहते ही दूसरी महिला ने उनके दाहिने हाथ की सोने की अंगूठी निकाल ली. वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गईं. पीड़ित सदमे में था, इसलिए उसने अगले दिन पुलिस को बयान दिया, जिसके आधार पर कापसहेड़ा थाने में लूट का मामला दर्ज किया गया.
दिल्ली के खानपुर इलाके की रहने वाली हैं महिलाएं
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले तो कुछ सबूत मिले है. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान अंजली और शिल्पा के रूप में हुई. दोनों दिल्ली के खानपुर इलाके की रहने वाली हैं. जांच और सभी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिलाओं का यह कोई पहला अपराध नहीं था. वे इससे पहले 25 अप्रैल को वसंत कुंज सॉउथ इलाके में एक क्रेटा कार सवार को भी इसी तरह निशाना बना चुकी थीं. पुलिस के अनुसार दोनों बेहद शातिर तरीके से अकेले सफर कर रहे लोगों को चुनती थीं. पहले उन्हें रोकने या गिराने की कोशिश करतीं, फिर मदद का नाटक कर ध्यान भटकाकर कीमती सामान चुरा लेती थी.
पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उन्होंने दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है. अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं