दिल्ली में मौसम फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने अगले दो घंटे में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में पूरी दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि अगले दो घंटों के दौरान पूरी दिल्ली में हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की बहुत संभावना है.

इससे पहले मौसम विभाग ने अनुमान जारी करते हुए बताया था कि इस हफ्ते दिल्ली में पारा 40 डिग्री के पार जाने की संभावना नहीं है. साथ ही बीच-बीच में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं लोगों को गर्मी और उमस से राहत देती रहेंगी.
इस हफ्ते कैसा रहेगा दिल्ली में मौसम?
- 24 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और गरज-चमक वाले बादलों के विकसित होने की संभावना जताई गई है.
- 25 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। हालांकि, किसी विशेष मौसम चेतावनी की आवश्यकता नहीं समझी गई है.
- 26 जून को मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है. विभाग ने इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. तापमान अधिकतम 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
- 27 जून को भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
- 28 जून को मौसम अपेक्षाकृत शांत रह सकता है. इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है.
- 29 जून को एक बार फिर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. इससे साफ है कि फिलहाल एनसीआर में न तो भीषण गर्मी की स्थिति बनने की संभावना है और न ही किसी गंभीर मौसमीय खतरे की आशंका है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को बदलते मौसम के बीच पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जरूरत है। पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के प्रभाव से एनसीआर के लोगों को इस सप्ताह भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी.
बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं और बीच-बीच में होने वाली हल्की बारिश मौसम को सुहावना बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं