विज्ञापन
This Article is From May 30, 2025

दिल्ली के होटल रूम से मिली युवक की लाश, यौन उत्तेजक दवा से हृदयगति रुकने की आशंका

पुलिस को कमरे से यौन उत्तेजक दवाएं मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक मात्रा में इन दवाओं के सेवन से युवक की हृदयगति रुक गई होगी.

दिल्ली के होटल रूम से मिली युवक की लाश, यौन उत्तेजक दवा से हृदयगति रुकने की आशंका

सेंट्रल दिल्ली के पहाड़गंज इलाके के आराकशा रोड स्थित नबी करीम इलाके की गली नंबर 6 में स्थित एक होटल के कमरे से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई. यह घटना बुधवार दोपहर की है, जब होटल स्टाफ ने चेक-आउट के समय कमरे में दस्तक दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. होटल सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान 37 वर्षीय सचिन सागर के रूप में हुई है, जो नॉर्थ दिल्ली के मलकागंज, पंजाबी बस्ती, सब्जी मंडी क्षेत्र का निवासी था. बताया गया कि वह बुधवार होटल में एक 26 वर्षीय महिला के साथ आया था, जो नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के नंदनगरी की रहने वाली है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला होटल के कमरे में कुछ घबराई हुई हालत में कई बार आती-जाती देखी गई. बाद में वह सामान लाने का बहाना करके बाहर गई और वापस नहीं लौटी. इसके बाद जब तय समय पर चेक-आउट नहीं हुआ, तो होटल कर्मचारियों ने कई बार कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी.

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरा खोला, तो युवक की लाश बेड पर पड़ी थी. प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान या आत्महत्या का कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस को कमरे से यौन उत्तेजक दवाएं मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक मात्रा में इन दवाओं के सेवन से युवक की हृदयगति रुक गई होगी.

यौन उत्तेजक दवाओं के दुष्प्रभाव

यौन उत्तेजक दवाओं का प्रयोग बिना डॉक्टर की सलाह के करना अत्यंत खतरनाक हो सकता है. इन दवाओं का अत्यधिक या अनियंत्रित सेवन हृदय पर गहरा प्रभाव डालता है और इससे रक्तचाप बढ़ सकता है. कई मामलों में हृदयगति रुकने, मस्तिष्क में रक्तस्राव, घबराहट, बेहोशी और यहां तक कि मृत्यु तक हो सकती है. विशेष रूप से वे लोग जिन्हें पहले से हृदय संबंधी रोग हैं, उनके लिए ये दवाएं जानलेवा साबित हो सकती हैं. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सके. महिला की तलाश भी जारी है, जिससे मामले की और जानकारी मिल सके.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Paharganj Murder, Delhi Hotel Murder, Death Due To Sex, Death During Sex, Sexual Stimulant Drug
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com