विज्ञापन
This Article is From Jun 13, 2024

चांदनी चौक इलाके में लगी आग कई दुकानों में फैली, दमकल की 40 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं

डीएफएस प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा, 'शाम पांच बजे चांदनी चौक क्षेत्र से आग लगने की सूचना मिली. आग मारवाड़ी कटरा, नयी सड़क में लगी थी.'

चांदनी चौक इलाके में लगी आग कई दुकानों में फैली, दमकल की 40 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं

उत्तरी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में बृहस्पतिवार को लगी भीषण आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और इसमें करोड़ों रुपये का सामान और संपत्ति स्वाहा हो गई. हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

डीएफएस प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा, 'शाम पांच बजे चांदनी चौक क्षेत्र से आग लगने की सूचना मिली. आग मारवाड़ी कटरा, नयी सड़क में लगी थी.'

उन्होंने बताया कि शुरुआत में दमकल की 14 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं, लेकिन जब आग अन्य दुकानों तक फैल गई तो 26 और गाड़ियां भेजी गईं. गर्ग ने कहा, 'हमारी टीम आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं. आग बहुत व्यापक है और इसे पूरी तरह से बुझाने में और समय लग सकता है. अभी तक हमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है.'

उन्होंने बताया कि जिस मुख्य इमारत में आग लगी थी वह ढह गई है तथा आग को आसपास की कपड़ों की दुकानों में फैलने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं.

अधिकारी ने कहा कि इलाके की संकरी गलियां अग्निशमन कर्मियों के लिए अतिरिक्त चुनौती बन गई हैं, क्योंकि उन्हें मुख्य स्थल से 200 से 300 मीटर दूर अपनी गाड़ियां खड़ी करनी पड़ रही हैं. उन्होंने कहा, 'हम सभी स्थानों पर आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक मशीनों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं.'

भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि आग मारवाड़ी कटरा बाजार से शुरू हुई और अनिल मार्केट तक फैल गई. एक अधिकारी ने बताया कि आग और पानी के दबाव के कारण बाजार के पीछे की ओर स्थित एक इमारत ढह गई.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fire In Delhi, Fire At Chandni Chowk, Fire In Shop
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com