विज्ञापन

सुंदरकांड कार्यक्रम, पोस्टर पर राम-हनुमान के साथ केजरीवाल और AAP की 'हिंदुत्व' पॉलिटिक्स; BJP हमलावर

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी राम का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करती है. उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि असली चंदा चोरी करने वाले आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है.

सुंदरकांड कार्यक्रम, पोस्टर पर राम-हनुमान के साथ केजरीवाल और AAP की 'हिंदुत्व' पॉलिटिक्स; BJP हमलावर
नई दिल्ली:

दिल्ली की सियासत में इन दिनों भगवान राम और हनुमान जी की एंट्री ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है. आम आदमी पार्टी के दिल्ली के रोहिणी में आयोजित सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. इस कार्यक्रम में न केवल पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज शामिल हुए, बल्कि कार्यक्रम स्थल पर लगे पोस्टरों ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इन पोस्टरों में भगवान राम और हनुमान जी के साथ अरविंद केजरीवाल की तस्वीरें प्रमुखता से लगाई गई थीं. इस पूरे घटनाक्रम पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा रुख अपनाते हुए अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है और उन्हें 'चुनावी हिंदू' करार दिया है.

चंदा घोटाले के आरोपों के बीच AAP का 'सुंदरकांड' प्रोग्राम

अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा घोटाले के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी आक्रामक रुख अपनाए हुए है. इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के रोहिणी में सुंदरकांड कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमे तमाम कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए. रोहिणी का यह कार्यक्रम इसी रणनीति का हिस्सा था. इस कार्यक्रम और मुद्दे के ज़रिए आम आदमी पार्टी हिंदू मतदाताओं को संदेश देने की कोशिश में काम कर रही है, ऐसे आयोजन के जरिए AAP बहुसंख्यक हिंदू मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने और खुद को भगवान राम और हनुमान के सच्चे भक्त के रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

राम, हनुमान के साथ केजरीवाल के लगे पोस्टर

दिल्ली में आयोजित सुंदरकांड कार्यक्रम में लगे पोस्टरों ने इस राजनीतिक जंग को और हवा दे दी है. भगवान राम और संकटमोचन हनुमान के साथ अरविंद केजरीवाल की तस्वीरों वाले ये पोस्टर सिर्फ सजावट नहीं, बल्कि एक गहरा राजनीतिक संदेश हैं. इन पोस्टर को पूरे पंडाल में लगाया गया. पोस्टरों के जरिए AAP यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि राम मंदिर और सनातन धर्म पर किसी एक पार्टी का एकाधिकार नहीं है. अरविंद केजरीवाल खुद को एक ऐसे विकल्प के रूप में पेश कर रहे हैं, कि वह भी हिंदू भक्तों की आस्था को समझ सकते हैं. आम आदमी पार्टी बीजेपी के सियासी रणनीति को उनके सामने ही इस्तेमाल कर अपनी पकड़ दिल्ली, यूपी और देश भर में मजबूत करने में लगी हुई है.

Latest and Breaking News on NDTV

ये सिर्फ चुनावी हिंदू- केजरीवाल पर बीजेपी का हमला

AAP के इस कदम पर दिल्ली बीजेपी ने पलटवार किया. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष सहित कई नेताओं ने कहा कि जो लोग कभी राम मंदिर के निर्माण पर सवाल उठाते थे, आज वे चुनाव नजदीक आते ही हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का सहारा ले रहे हैं. ये अरविंद केजरीवाल की विशुद्ध राजनीतिक पाखंड है. जब चुनाव आते हैं, तो वे 'चुनावी हिंदू' बन जाते हैं. जनता इनकी इस राजनीति को अच्छी तरह समझती है.

इस हमले के बाद अरविंद केजरीवाल ने भी बीजेपी पर हमला करते हुए उन्हें राम विरोधी करार दिया. कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बीजेपी राम का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करती है. केजरीवाल ने ये भी आरोप लगाया कि असली चंदा चोरी करने वाले आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है. सभी विपक्षी पार्टियों को राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे को उठाना चाहिए, जो ये मानते हैं कि हिंदू समाज के साथ ग़लत हुआ है.

Latest and Breaking News on NDTV

राम मंदिर मुद्दे पर AAP का प्लान

आम आदमी पार्टी ने घोषणा की है कि वो पूरे देश में हनुमान चालीसा का पाठ करेगी और राम भक्तों तक अपने संदेश पहुंचाएगी. राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा उठाते हुए पार्टी ने रविवार से हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की. केजरीवाल ने खुद भी हस्ताक्षर किए और वहां आए लोगों से भी साइन करवाए गए.

इसे भी पढ़ें: राम मंदिर के चोरों को सजा दिलाकर ही मानेंगे- अरविंद केजरीवाल

इसे भी पढ़ें: चढ़ावा चोरों पर एक्शन के लिए देश भर में सिग्नेचर कैंपेन चलाएगी AAP: केजरीवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Arvind Kejriwal, Aam Aadmi Party (AAP), Hanuman Chalisa
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com