- आकृति की शादी इसी साल 24 अप्रैल 2026 को हुई थी
- परिवार का आरोप- दहेज के लिए की गई हत्या
- आकृति की शादी लव-अरेंज मैरिज थी
राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स, पालिका कुंज के बी-ब्लॉक में 28 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. महिला का शव शनिवार को बी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल के नीचे जमीन पर पड़ा मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतका की पहचान पुष्प विहार निवासी आकृति के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को महिला कथित तौर पर पालिका कुंज स्थित फ्लैट से नीचे गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि आकृति की शादी इसी साल 24 अप्रैल 2026 को हुई थी. वह छतरपुर स्थित एक कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी. मामले में धारा 196 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मजिस्ट्रेट जांच (इनक्वेस्ट) के लिए एसडीएम को सूचित किया गया है. पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फिलहाल जांच जारी है.
परिवार का आरोप- दहेज के लिए की गई हत्या
वहीं, मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि आकृति की शादी को अभी तीन महीने भी पूरे नहीं हुए थे और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आकृति के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है. परिवार का दावा है कि आकृति घर की सबसे बड़ी संतान थी और बेहद जिम्मेदार स्वभाव की थी.
'आकृति आत्महत्या नहीं कर सकती'
मृतका के परिजनों ने पति पर मारपीट और दहेज को लेकर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि आकृति मानसिक रूप से मजबूत थी और वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती. उसने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा था.
लव-अरेंज मैरिज थी
परिजनों के मुताबिक, आकृति की शादी लव-अरेंज मैरिज थी. ऐसे में शादी के महज ढाई महीने बाद हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. परिवार इसे दहेज हत्या बता रहा है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं