दिल्ली में मेहरौली थाना पुलिस ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए ऑटो में छूटे 2.5 लाख रुपये नकद से भरे बैग को उसके मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया. खास बात यह रही कि बैग खोने वाले व्यक्ति को ऑटो का नंबर तक याद नहीं था. इसके बावजूद पुलिस ने तकनीक और सतर्क जांच के दम पर बैग बरामद कर लिया.
नागपुर से आए शख्स का ऑटो में छूट गया था बैग
जानकारी के अनुसार नागपुर से दिल्ली आए सूरज नामक व्यक्ति का एक बैग ऑटो में छूट गया था. बैग में करीब 2.5 लाख रुपये नकद रखे हुए थे. बैग गायब होने का पता चलने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और मदद मांगी. मामले की सूचना मिलते ही मेहरौली थाना पुलिस ने बैग की तलाश शुरू कर दी. ऑटो का नंबर उपलब्ध न होने के कारण शुरुआत में मामला चुनौतीपूर्ण लग रहा था.
CCTV फुटेज से मिली अहम कड़ी
दिल्ली पुलिस के अनुसार 10 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद हेड कांस्टेबल सुरेंद्र और कांस्टेबल संजय को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई. यह पूरी कार्रवाई मेहरौली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय पाल दहिया के नेतृत्व और एसीपी मेहरौली योगिता शर्मा की निगरानी में की गई. पुलिस टीम ने इलाके के कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. लगातार विश्लेषण के बाद पुलिस संदिग्ध ऑटो तक पहुंचने में सफल रही. इसके बाद ऑटो मालिक की पहचान की गई और वाहन की जांच की गई.
यात्री सीट के पीछे सुरक्षित मिला बैग
जांच के दौरान पुलिस को बैग ऑटो की यात्री सीट के पीछे रखा मिला. बैग की जांच करने पर उसमें रखे पूरे 2.5 लाख रुपये सुरक्षित पाए गए. पुलिस के मुताबिक ऑटो चालक को भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि यात्री अपना बैग वाहन में छोड़ गया है.
मालिक को लौटाई पूरी रकम
बैग बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे उसके मालिक सूरज को सौंप दिया. अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित वापस मिलने पर सूरज ने राहत जताई और पुलिस का आभार व्यक्त किया. दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नागरिकों की सहायता और उनकी संपत्ति की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
यह भी पढ़ें- 500-500 रुपए के नोटों की 296 गड्डियां, नोएडा में चोरी के 1.48 करोड़ रुपए कैश के साथ 6 चोर गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं