विज्ञापन
This Article is From May 01, 2020

Coronavirus: कोरोना के इलाज पर बोले CM अरविंद केजरीवाल- प्लाज्मा थेरेपी के नतीजे अच्छे, नहीं रुकेगा क्लिनिकल ट्रायल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arivind Kejriwal) ने आज राजधानी में कोरोनावायरस (Delhi Coronavirus Report) की स्थिति को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

Coronavirus: कोरोना के इलाज पर बोले CM अरविंद केजरीवाल- प्लाज्मा थेरेपी के नतीजे अच्छे, नहीं रुकेगा क्लिनिकल ट्रायल
CM अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में कोरोना की स्थिति पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. (फाइल फोटो)
  • CM अरविंद केजरीवाल ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
  • कोटा से बच्चों को लाने के लिए भेजी बसें
  • 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहेंगे बच्चे
नई दिल्ली:

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arivind Kejriwal) ने आज राजधानी में कोरोनावायरस (Delhi Coronavirus Report) की स्थिति को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. केजरीवाल ने कहा, 'ऐसा लगता है कि दिल्ली में कोरोना (COVID-19) के मामले बढ़ते जा रहे हैं लेकिन हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं. अब तक 1100 लोग ठीक हो चुके हैं. मरने वालों की संख्या 59 है जो अन्य देश या अन्य राज्यों के मुकाबले बहुत कम है. देश का एवरेज 500 है.'

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, 'अच्छी खबर यह है कि लोकनायक अस्पताल के अंदर जो प्लाज्मा थेरेपी का ट्रायल किया था, वह सफल रहा. पहला मरीज कल ठीक होकर अपने घर चला गया है. मरीज काफी सीरियस था. आईसीयू में था लेकिन कल ठीक होकर अपने घर चला गया. थेरेपी के नतीजे अच्छे मिल रहे हैं.'

केजरीवाल ने कहा, 'केंद्र सरकार के बयानों की वजह से कंफ्यूजन हुआ है. केंद्र सरकार ने केवल इतना कहा था कि जिन लोगों को केंद्र सरकार से मंजूरी है केवल वही प्लाज्मा का ट्रायल करेंगे. केंद्र सरकार ने कहा था कि प्लाज्मा का अभी ट्रायल चल रहा है कोई फाइनल नतीजा नहीं आया है. यही हम भी कह रहे हैं.'

उन्होंने आगे कहा, 'प्लाज्मा थेरेपी के जैसे नतीजे आ रहे हैं, मैं आपके सामने रख रहा हूं. प्लाज्मा थेरेपी के ट्रायल के शुरुआत में अच्छे नतीजे आ रहे हैं. प्लाज्मा ट्रायल जारी रहेगा. प्लाज्मा डोनेट करने वालों का तहे दिल से शुक्रिया है. इस महीने हम दोगुने राशन मुफ्त दे रहे हैं. प्रति व्यक्ति 10 किलो राशन मुफ्त दे रहे हैं. लोगों ने कहा है कि केवल राशन से काम नहीं चल रहा है इसलिए हम साथ में एक किट भी दे रहे हैं.'

उन्होंने आगे कहा, 'कोटा के अंदर जो बच्चे आईआईटी की तैयारी करने गए थे, वहां वह फंसे हुए हैं. वह बार-बार हमसे वापस बुलाने की गुजारिश करते थे लेकिन हमारे हाथ बंधे हुए थे. अब दिल्ली से 40 बसें कोटा जा रही हैं और उम्मीद है कि कल यह बसें बच्चों को लेकर वापस आ जाएंगी. आने के बाद इन बच्चों को अपने घर में 14 दिन क्वारंटाइन करना है. सभी सरकारों के साथ बातचीत चल रही है.'

केजरीवाल ने कहा, 'सरकार से बातचीत के बाद जो भी नतीजे आएंगे, उसके बारे में आपको बताएंगे. तब तक आप अपने घर में रहिए और घर से बाहर मत निकालिए. लॉक डाउन का पालन करिए. जल्दबाजी ना दिखाएं. आम आदमी पार्टी वॉलिंटियर्स के लिए यही मौका है अपनी देशभक्ति दिखाने का. निडर होकर जनता की सेवा कीजिए. अपने इलाके में किसी को भूखा मत सोने दीजिए. हर जरूरतमंद की मदद कीजिए. अपनी भी सुरक्षा रखिए, सोशल डिस्टेंसिंग भी बनाए रखिए.'

VIDEO: प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना मरीज हुआ स्वस्थ, अस्पताल ने डिस्चार्ज किया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Coronavirus Delhi, CM Arvind Kejriwal, Covid 19 Delhi, Corona Delhi, Coronavirus, Covid 19, AAP Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com