ED ने अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाकर चलाए जा रहे कथित फर्जी कॉल सेंटर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. ED के हैदराबाद जोनल ऑफिस की टीम ने 15 सितंबर 2026 को PMLA के तहत पटियाला, पुणे और चंडीगढ़ में चार ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया.
ED के मुताबिक, जांच के दौरान मिले सुराग और फील्ड वेरिफिकेशन के आधार पर इन ठिकानों पर कार्रवाई की गई. जांच एजेंसी को जानकारी मिली थी कि कुछ लोग मिलकर पटियाला और पुणे में कॉल सेंटर चला रहे थे और पूरे नेटवर्क को नियंत्रित कर रहे थे.
तीन कॉल सेंटर मौके पर मिले
छापेमारी के दौरान तीन कॉल सेंटर मौके पर चलते हुए मिले. इनमें दो कॉल सेंटर पटियाला और एक पुणे में था. कार्रवाई के समय करीब 220 लोग इन कॉल सेंटरों में काम करते मिले. इन कॉल सेंटरों में बड़ी संख्या में कंप्यूटर, हेडसेट, मोबाइल फोन, नेटवर्किंग उपकरण और अलग-अलग वर्कस्टेशन लगे हुए थे. ED अब वहां काम करने वाले लोगों की पहचान, उनकी भूमिका और किसके निर्देश पर वे काम कर रहे थे, इसकी जांच कर रही है.
अमेरिकी नागरिकों से ठगी का आरोप
जांच में सामने आया है कि इन कॉल सेंटरों से अमेरिका के नागरिकों को फोन किए जाते थे और कथित तौर पर अलग-अलग
झूठे बहाने बनाकर उनसे पैसे जमा करवाए जाते थे. पटियाला में मिले कॉल सेंटरों से अमेरिकी नागरिकों के साथ कथित धोखाधड़ी और जबरन पैसे वसूलने का मामला सामने आया है.
तलाशी के दौरान ऑपरेटरों के पास से मिले मोबाइल फोन और लैपटॉप में इस पूरे नेटवर्क के काम करने के तरीके और ठगी से मिले पैसों के बंटवारे से जुड़ा डेटा मिला है. इसी तरह पुणे में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर से भी अमेरिकी नागरिकों को इसी तरीके से ठगी का शिकार बनाने की बात सामने आई है.
चंडीगढ़ से नेटवर्क को कंट्रोल करने का आरोप
ED के मुताबिक, चंडीगढ़ में जिस रिहायशी परिसर की तलाशी ली गई, उसका इस्तेमाल कथित तौर पर नेटवर्क के मास्टरमाइंड द्वारा पटियाला में चल रहे कॉल सेंटरों को कोऑर्डिनेट और कंट्रोल करने के लिए किया जा रहा था. यहां से कई डिजिटल डिवाइस बरामद हुए हैं, जिनमें कॉल सेंटर के संचालन से जुड़ा डेटा मौजूद है.
चंडीगढ़ के इसी परिसर में एक ऐसा व्यक्ति भी मिला, जिस पर अमेरिका से आने वाले डॉलर को भारतीय रुपये में बदलने और पैसों को प्रोसेस करने में भूमिका निभाने का आरोप है. ED अब उसकी भूमिका और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है.
66 मोबाइल और 13 लैपटॉप समेत कई सामान जब्त
सर्च ऑपरेशन के दौरान ED ने बड़ी संख्या में डिजिटल डिवाइस और अन्य सामान जब्त किया है. इनमें 66 मोबाइल फोन, 13 लैपटॉप, हार्ड डिस्क और दूसरे कम्युनिकेशन उपकरण शामिल हैं. इसके अलावा नकदी और कई रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं. अब ED यह पता लगाने में जुटी है कि कॉल सेंटर में किस तरह के कॉलिंग कैंपेन चलाए जा रहे थे, कर्मचारियों को क्या स्क्रिप्ट दी जाती थी, किस तरह के डायलर और VoIP सिस्टम का इस्तेमाल होता था और अमेरिकी नागरिकों से जुड़ा डेटा कहां से हासिल किया गया.
यह भी पढ़ें- आजम खान की बढ़ सकती हैं मुश्किलें; जौहर ट्रस्ट से 500 करोड़ से ज्यादा वसूली की तैयारी, आयकर विभाग का शिकंजा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं