भारतीय टीम के 'चाइनामैन' स्पिनर कुलदीप यादव ने इतिहास रच दिया है. वह भारत की तरफ से सबसे कम वनडे मुकाबलों में 200 विकेट चटकाने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं. पहले स्थान पर भारतीय टीम में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम आता है. जिन्होंने केवल 104 वनडे मुकाबलों में ही 200 विकेट चटकाए थे. उनके बाद अब दूसरे स्थान पर कुलदीप यादव आ गए हैं. कुलदीप ने 123 वनडे मुकाबलों में 200 विकेटों के आंकड़े को छूआ है. टॉप फाइव में तीसरे स्थान पर अजीत अगरकर काबिज हैं. जिन्होंने 200 विकेट 133 वनडे मुकाबलों में प्राप्त किया था. चौथे और पांचवें स्थान पर जहीर खान एवं अनिल कुंबले और जवागल श्रीनाथ काबिज हैं. जहीर ने वनडे की 144 और कुंबले एवं श्रीनाथ ने क्रमशः 147-147 मुकाबलों में 200 विकेटों के आंकड़े को छूआ था.
सबसे कम वनडे में भारत की तरफ से 200 विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज
104 मैच - मोहम्मद शमी
123 मैच - कुलदीप यादव
133 मैच - अजीत अगरकर
144 मैच - जहीर खान
147 मैच -अनिल कुंबले और जवागल श्रीनाथ
वनडे में सबसे कम गेंदों में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के स्पिनर
यही नहीं कुलदीप यादव सबसे कम गेंदों में 200 वनडे विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे स्पिनर बन गए हैं. भारतीय स्टार ने 6319 गेंदों में 200 विकेट के आंकड़े को छूआ है. पहले स्थान पर पूर्व पाक स्पिनर सकलैन मुश्ताक का नाम आता है. जिन्होंने 5451 गेंदों में 200 विकेट प्राप्त किया था. दूसरे स्थान पर राशिद खान काबिज हैं. राशिद ने 200 विकेटों के आंकड़े को 5782 गेंदों में छूआ था.
सबसे कम गेंदों में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के स्पिनर
5451 गेंद - सकलैन मुश्ताक - पाकिस्तान
5782 गेंद - राशिद खान - अफगानिस्तान
6319 गेंद - कुलदीप यादव - भारत
6385 गेंद - एडम जंपा - ऑस्ट्रेलिया
6881 गेंद - आदिल राशिद - इंग्लैंड
6983 गेंद - शेन वॉर्न - ऑस्ट्रेलिया
कुलदीप यादव का वनडे करियर
खबर लिखे जाने तक कुलदीप यादव ने भारत की तरफ से कुल 123 वनडे मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनको 120 पारियों में 200 सफलता हाथ लगी है. जिसमें 10 बार चार और दो बार पांच विकेट चटकाने का कारनामा शामिल है. 25 रन खर्च कर छह विकेट उनका एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है.
यह भी पढ़ें- नाम है होप, लेकिन भारत के लिए बना टेंशन! 90 गेंद में ठोका तूफानी शतक, बना डाला रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं