- बेंगलुरु में एक बेटी और उसके बेटे ने शराब की लत के चलते 75 साल की मां की हत्या कर दी
- हत्या की वारदात 21 जून की रात सुभाष नगर इलाके में हुई, पुलिस ने बाद में घटना का खुलासा किया
- आरोपी शराब के आदी थे और संपत्ति बेचने को लेकर मृतक से विवाद हुआ था
बेंगलुरु में एक बेटी ने 75 साल की अपनी बुजुर्ग मां को अपने बेटे संग मिलकर मौत के घाट सिर्फ इसलिए उतार दिया क्यों कि वह उनको शराब पीने के लिए संपत्ति बेचने को लेकर झगड़ रही थी. शातिर आरोपियों ने हत्या को छिपाने के लिए किसी को इस बारे में बताया तक नहीं. मृतक महिला का नाम जयाम्मा था. उनकी हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी बेटी भाग्यलक्ष्मी और नाती विकास को गिरफ्तार किया है.
शराब की लत के चलते ली मां की जान
मामला बेंगलुरु के केन्गेरी पुलिस स्टेशन के सुभाष नगर इलाके का है. जांच के मुताबित ये वारदात 21 जून की रात को हुई. हालांकि मामले का पता बाद में चला. शुरुआती जांच के मुताबिक, परिवार के सदस्य शराब के आदी थे. शराब की अपनी लत के चलते उन्होंने कथित तौर पर संपत्ति बेच दी थी.
पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक संपत्ति बेचने को लेकर जयाम्मा और भाग्यलक्ष्मी के बीच बहस हुई थी. झगड़ा बढ़ते ही नाती विकास भी इसमें शामिल हो गया. बहस के दौरान, दोनों ने कथित तौर पर 'रागी मुड्डे' बनाने में इस्तेमाल होने वाली लकड़ी की छड़ी से जयाम्मा पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई.
दोस्त ने फोन कर पुलिस को बताया
जांचकर्ताओं के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध को छिपाने की कोशिश में इसके बारे में किसी को भी नहीं बताया. विकास ने नानी की हत्या के कुछ घंटों बाद, कथित तौर पर एक दोस्त को फोन कर उसे शराब लाने को कहा. उसने दोस्त को बताया कि उसकी नानी की मौत हो गई है, वह परेशान है.
दोस्त जब शराब पीने के लिए वहां पहुंचा, तो उसने जयाम्मा का शव देख तुरंत पुलिस को फोन किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्या का खुलासा किया और मामले की जांच शुरू की. जिसके बाद केन्गेरी पुलिस ने भाग्यलक्ष्मी और विकास को गिरफ्तार कर लिया. मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें-बबीता पांडे को क्या वाकई परियां ले गईं? उत्तराखंड की 'परियों के देश' वाली कहानी फिर से जिंदा हो उठी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं