वनडे के बाद इसी महीन की 19 तारीख से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले टीम इंडिया को बहुत बड़ा पॉजिटिव मिला है. क्राइस्टचर्च में भारत A और न्यूजीलैंड A के बीच मंगलवार को खत्म हुए तीनदिनी अनऑफिशियल मैच के आखिरी दिन यशस्वी जायसवाल ने स्टाइल में अपने रनों का सूखा खत्म किया. पहली पारी में खाता भी न खोल सके जायसवाल ने बिना आउट हुए 155 रन की पारी खेली. और नाबाद शतकीय पारी खेलने के बाद जायसवाल ने अपनी पारी के पीछा का राज़ खोलते हुए इसका श्रेय अपनी 'प्रक्रिया', 'दिनचर्या' और 'अनुशासन' को दिया. जायसवाल ने शतक के बाद सिर्फ मौसम के बारे में ही नहीं, बल्कि डिटेल से बल्लेबाजी के बारे में जानकारी दी. और लेफ्टी बल्लेबाज का अनुभव साथी खिलाड़ियों को खासा अनुभव पहले टेस्ट से पहले दे सकता है.
'यहां ठंड बहुत है'
जायसवाल ने मैच खत्म होने के बाद कहा, ‘यहां बहुत ठंड है. गेंद शुरुआत में बहुत घूमती है और सीम मूवमेंट भी बहुत होता है. अच्छे गेंदबाज लगातार सही जगह पर गेंद को पिच कराते हैं. इसलिए हमें रन बनाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता है.' उन्होंने कहा, ‘जब विकेट बेहतर हो जाता है या गेंद पुरानी हो जाती है तो रन बनाना आसान हो जाता है. मैं यह नहीं कहूंगा कि यह आसान है, लेकिन आप अच्छे शॉट खेल सकते हैं. इसलिए बहुत मज़ा आया और यहां खेलना अच्छा लगता है. यह एक बिल्कुल अलग तरह का अनुभव है.' भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले जायसवाल का फॉर्म में लौटना काफी महत्वपूर्ण है.
सिर्फ 3 बातों पर अमल किया जायसवाल ने
लेफ्टी बल्लेबाज ने कहा, ‘यहां रन बनाना आसान नहीं है. मैंने बस अपनी 'प्रक्रिया', 'दिनचर्या' और 'अनुशासन' पर ध्यान केंद्रित किया. मुझे लगता है कि यहां रन बनाने के लिए आपको बहुत अनुशासित रहना होगा.' जायसवाल ने कहा कि न्यूजीलैंड में मुख्य चुनौती यहां का ठंडा मौसम है. उन्होंने कहा, ‘भारत, ऑस्ट्रेलिया और यहां तक कि इंग्लैंड की तुलना में न्यूजीलैंड बहुत अलग जगह है. यहां बहुत ठंड पड़ती है. पिछले चार दिनों से सूरज आंख मिचौली खेल रहा था.'
बताई कीवी पिचों पर खेलने की 'कला'
परिस्थितियों के अनुकूल ढलने के लिए अपनी तकनीक में कैसे बदलाव करते हैं, के सवाल पर उन्होंने कहा, 'उन्हें अपने शरीर के करीब रहकर खेलना पसंद है. मैं इस पर ध्यान देता हूं कि मैं शरीर के जितना करीब खेलूंगा, उतना ही बेहतर होगा. अगर आप पहली पारी देखें, तो मेरा शुरुआती स्टांस पीछे की ओर था. फिर मैंने इसे बदला. अगर गेंदबाज तेज गेंदबाजी नहीं कर रहा है, तो आप सीम मूवमेंट को नियंत्रित कर सकते हैं.अगर मुझे ढीली गेंद मिलती है तो मैं रन बनाने की कोशिश करूंगा.'
यशस्वी जायसवाल का पिछले 1 साल प्रदर्शन F.A.Q=Frequently Asked Questions सें जानें
प्र.1: क्या पिछले एक साल में टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन उनके करियर के समग्र स्तर के अनुरूप रहा है?
उ.: नहीं, पिछले एक साल (3 नवंबर 2025 से 3 नवंबर 2026) में यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन उनके समग्र करियर औसत से काफी नीचे रहा है. इस अवधि में उन्होंने 5 मैचों की 8 पारियों में केवल 23.00 की औसत से 184 रन बनाए, जबकि उनका समग्र करियर औसत 47.49 का है.
प्र.2: पिछले 1 साल के दौरान टेस्ट मैचों में यशस्वी जायसवाल का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर कितना रहा है और उन्होंने कुल कितने अर्धशतक लगाए हैं?
उ.: पिछले एक साल के इस समयाखंड में जायसवाल का टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर 58 रन रहा है. इस दौरान उन्होंने कुल 1 अर्धशतक (50+) लगाया है और उनके बल्ले से एक भी शतक देखने को नहीं मिला है.
प्र. 3: इस एक वर्ष के दौरान जायसवाल ने किन-किन टीमों के खिलाफ टेस्ट मैच खेले हैं?
उ.3: इस एक साल के दौरान उन्होंने दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच खेले हैं. नवंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला के बाद, उन्होंने जून 2026 में अफगानिस्तान और अगस्त 2026 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट पारियों में हिस्सा लिया.
प्र. 4: पिछले 1 साल में टेस्ट पारियों के दौरान यशस्वी जायसवाल का स्ट्राइक रेट कैसा रहा?
उ.: कम औसत और रनों की सुस्त रफ्तार के बावजूद, पिछले एक साल में उनका स्ट्राइक रेट 67.39 रहा है (273 गेंदों पर 184 रन). यह लगभग उनके समग्र करियर स्ट्राइक रेट (66.49) के आसपास ही है. यह दर्शाता है कि क्रीज पर रहने के दौरान उनका खेलने का आक्रामक अंदाज़ बरकरार रहा.
प्र. 5: इस अवधि में जायसवाल कितनी बार शून्य पर आउट हुए और उन्होंने कुल कितने चौके-छक्के लगाए हैं?
उ.: पिछले 1 साल के इन 5 टेस्ट मैचों की 8 पारियों में जायसवाल 2 बार शून्य पर आउट हुए हैं. इसके अलावा इस पीरियड के दौरान उन्होंने कुल 30 चौके और 2 छक्के भी जड़े.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं