विज्ञापन

IND vs ZIM: दूसरे T20I में डेब्यू करने वाले यश ठाकुर कौन? जानें किस प्रदर्शन ने टीम इंडिया में दिलाई जगह

भारत शनिवार (25 जुलाई) को तीन मैचों की सीरीज़ के दूसरे T20I में ज़िम्बाब्वे का सामना कर रहा है. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने वाले इस मैच के लिए भारतीय टीम मैनेजमेंट ने यश ठाकुर को प्लेइंग XI में शामिल किया है.

IND vs ZIM: दूसरे T20I में डेब्यू करने वाले यश ठाकुर कौन? जानें किस प्रदर्शन ने टीम इंडिया में दिलाई जगह
team india
IANS

India vs Zimbabwe 2nd T20I: भारतीय टीम शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच में तीन मैचों की T20I सीरीज अपने नाम करने की कोशिश करेगी. लेकिन ये मुकाबला युवा तेज गेंदबाज यश ठाकुर के लिए सबसे खास पल लेकर आया है. विदर्भ से निकलकर घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपनी पहचान बनाने वाले यश को आखिरकार भारतीय टीम की कैप मिल गई. संघर्ष, मेहनत और लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया तक पहुंचे यश के लिए यह सिर्फ डेब्यू नहीं, बल्कि वर्षों की तपस्या का फल है. 

जिम्बाब्वे दौरे के लिए पहली बार भारतीय टी20 टीम में चुने जाने पर यश ठाकुर ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि करियर में हर मुश्किल को पार कर यहां तक पहुंचना उनके लिए गर्व की बात है और भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा सपना था.

भारत ए के लिए यश ने किया दमदार प्रदर्शन

यश ठाकुर ने पिछले महीने श्रीलंका में हुई भारत ए की त्रिकोणीय सीरीज में भी दमदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने तीन मैचों में पांच विकेट चटकाए और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा. इसके अलावा गॉल में श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए दो अनौपचारिक टेस्ट मैचों में भी उन्होंने पांच विकेट हासिल किए थे.

आईपीएल से मिली पहचान

विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व किया है. अब तक 22 आईपीएल मुकाबलों में उनके नाम 27 विकेट दर्ज हैं. डेथ ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता और नई गेंद से स्विंग हासिल करने की कला ने उन्हें भारतीय टीम के दरवाजे तक पहुंचाया है.

घरेलू क्रिकेट में रहा शानदार रिकॉर्ड

यश ठाकुर घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के प्रमुख तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 32 मैचों में 93 विकेट और लिस्ट ए में 57 मैचों में 90 विकेट लेकर उन्होंने अपनी निरंतरता साबित की है. सभी फॉर्मेट में मिलाकर वह 300 से ज्यादा विकेट हासिल कर चुके हैं और भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए तेज गेंदबाजों में उनकी गिनती होती है.

यश ठाकुर के क्रिकेट करियर के आंकड़े

  • फर्स्ट क्लास: 32 मैच, 93 विकेट, सर्वश्रेष्ठ 5/44, इकोनॉमी 3.34
  • लिस्ट ए: 57 मैच, 90 विकेट, सर्वश्रेष्ठ 5/53, इकोनॉमी 5.40
  • टी20: 74 मैच, 110 विकेट, सर्वश्रेष्ठ 5/16, इकोनॉमी 8.17
  • आईपीएल: 22 मैच, 27 विकेट, सर्वश्रेष्ठ 4/30, इकोनॉमी 10.59
  • टी20 क्रिकेट में 2 बार 5 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं.
  • फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए में एक-एक पांच विकेट हॉल दर्ज है.
  • टी20I डेब्यू से पहले 74 टी20 मैचों में 110 विकेट झटके थे.

टीम इंडिया में चयन होते ही आने लगे दोस्तों को मैसेज

टीम इंडिया में चुने जाने और इस बारे में पता चलने के बारे में JioStar से बात करते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें अपने चयन के बारे में तब पता चला जब वे स्पिनर हर्ष दुबे के साथ नागपुर पहुंचे और उनके फ़ोन पर दोस्तों के कॉल और मैसेज आने लगे उन्होंने कहा, 'हर्ष दुबे (उनके विदर्भ के साथी खिलाड़ी) और मैं अभी-अभी नागपुर पहुंचे थे. जब मैं अपना सामान लेकर बाहर निकल रहा था, तो मेरे फ़ोन पर मैसेज आने लगे और दोस्तों के कॉल आए. उन्होंने मुझे बताया, 'तुम्हारा सिलेक्शन हो गया है!' और मुझे बधाई दी. उस समय मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता था, इसलिए मैंने ऑनलाइन चेक किया और पता चला कि मुझे ज़िम्बाब्वे दौरे के लिए चुना गया है. यह एक अविश्वसनीय एहसास था.'

'हर लेवल पर मिलीं अलग-अलग चुनौती'

'मैंने अंडर-19 क्रिकेट से लेकर रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी, IPL, इंडिया A और अब भारतीय टीम तक का सफ़र धीरे-धीरे तय किया है. हर लेवल पर अलग-अलग चुनौतियां थीं और मैंने हर मुश्किल को पार करने के लिए कड़ी मेहनत की. हर कदम आगे बढ़ने पर मुझे बहुत खुशी होती है। मैं अभी उस एहसास को शब्दों में बयां नहीं कर सकता, क्योंकि जब कोई क्रिकेट खेलना शुरू करता है, तो देश के लिए खेलना उसका सपना होता है. आखिरकार यहां पहुंचकर, इंडिया की जर्सी पहनकर ऐसा लग रहा है कि मेरी सारी मेहनत रंग लाई है,'

कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ कैसी है यश की बॉन्डिंग?

भारतीय T20I कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ अपनी बॉन्डिंग के बारे में बात करते हुए  यश ने कहा कि श्रेयस उनकी खूबियों और काबिलियत को अच्छी तरह जानते हैं. इस साल IPL के दौरान दोनों ने गेम प्लान पर चर्चा करते हुए काफी समय बिताया. उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय टीम में भी उनके साथ कप्तान के तौर पर खेलने से उनके बीच अच्छी बॉन्डिंग बनाने में मदद मिलेगी.

उन्होंने कहा कि, 'कप्तान श्रेयस अय्यर मेरी खूबियों को अच्छी तरह जानते हैं. वे समझते हैं कि खेल के किस हिस्से में मैं सबसे असरदार हूं - चाहे वह पावरप्ले हो, मिडिल ओवर्स हों या डेथ ओवर्स. उन्हें पता है कि टीम को जिताने के लिए मैं कहां सबसे ज़्यादा योगदान दे सकता हूं,' उन्होंने कहा 'यह आपसी समझ IPL के दौरान बनी, जब मैंने उनके साथ समय बिताया और योजनाओं पर चर्चा की. मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं क्योंकि मैंने IPL में श्रेयस भाई की कप्तानी में खेला है, और अब मैं भारतीय टीम में भी उनकी कप्तानी में खेलूंगा.

ये भी पढ़ें-  IND vs ZIM: बल्लेबाजी के बाद अब गेंदबाजी करेंगे वैभव सूर्यवंशी! कोच ने किया खुलासा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Zimbabwe, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com