अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वीरवार को अगले साल तीन देशों दक्षिण अफ्रीका, जिंबाब्वे और नामीबिया में होने वाले फिफ्टी-फिफ्टी विश्व कप के स्पॉन्सरों और 10 आयोजन स्थल के नामों का ऐलान किया, तो देखते ही देखते मेगा इवेंट चर्चा का विषय बन गई, तो वहीं भारतीय पूर्व क्रिकेटर भी सक्रिय हो गए. मसलन इन दिग्गजों ने अभी से ही विश्व कप के लिए अपनी-अपनी टीम भी चुनने का सिलसिला शुरू कर दिया. थोड़ी हैरानी की बात यह है कि अभी विश्व कप के बीच एक साल से ज्यादा का समय है. ऐसे में प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव भी होगा, लेकिन हमारे दिग्गज इतने सक्रिय हैं कि उन्हें पता है कि कौन फिट है और कौन नहीं. इसी कड़ी में महान स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी अपनी टीम चुनी है. हैरानी की बात यह है कि उन्होंने विश्व कप टीम से संजू सैमसन और सुपरकिड वैभव सूर्यवंशी को बाहर रखा है.
ज्यादातर अनुभवी दिग्गजों को टीम में जगह
अश्विन ने अपनी टीम में अनुभवी खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ-साथ बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग विभाग में श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, इशान किशन और शुभमन गिल को जगह दी है. उन्होंने शुभमन गिल का समर्थन करते हुए कहा है कि वह टीम की कप्तानी जारी रख सकते हैं. ऑलराउंडर्स में उन्होंने मध्य क्रम को संतुलन देने के लिए अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या को चुना है. वहीं, गेंदबाजी विभाग के लिए अश्विन की पहली पसंद मुख्य स्पिनर के रूप में कुलदीप यादव रहे, तो तेज गेंदबाजी आक्रमण में हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया.
हालांकि, अश्विन ने 'शायद' वाली श्रेणी में कई खिलाड़ियों को भी रखा है और स्वीकार किया कि विश्व कप में उनके खेलने की संभावनाओं को लेकर वह पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं. इस समूह में यशस्वी जयसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, वरुण चक्रवर्ती, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं.
इन खिलाड़ियों को रखा 15 सदस्यीय टीम से बाहर
वहीं कई और खिलाड़ी हैं, जो अश्विन की अंतिम 15 खिलाड़ियों की सूची में जगह नहीं बना पाए. इनमें से कुछ खिलाड़ियों का बाहर होना तो तय माना जा रहा था, लेकिन दिग्गज ऑफ स्पिनर ने सैमसन, सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, रवि बिश्नोई, शिवम दुबे, प्रिंस यादव और गुरनूर ब्रार जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखा गया. हालांकि, सबसे चौंकाने वाले दो नाम ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर के थे.
जानें भुवनेश्वर को क्यों दी जगह
वहीं, बहुत ही हैरतअंगेज फैसले के तहत अश्विन ने टीम इंडिया से बाहर चल रहे भुवनेश्वर कुमार को टीम में जगह दी है. और इसके पीछे अश्विन का तर्क है कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में उतरने से पहले भारत को भुवनेश्वर कुमार के अनुभव का फायदा मिलेगा. उन्होंने सुझाव दिया कि चयन बोर्ड को इस तेज गेंदबाज से सीधे संपर्क करना चाहिए. उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले अपनी फिटनेस और लय हासिल करने के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट और विजय हजारे ट्रॉफी सहित सभी उपलब्ध प्रारूपों में खेलने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए. अश्विन को लगता है कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में भुवनेश्वर की समझ काफी मूल्यवान साबित होगी. भुवनेश्वर ने 2022 के बाद से भारत के लिए कोई वनडे मैच नहीं खेला है. हालांकि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की लगातार दो खिताब जीत में अहम भूमिका निभाते हुए उन्होंने आईपीएल के शानदार प्रदर्शन से खुद को चर्चा में बनाए रखा है.
विश्व कप के लिए अश्विन की टीम
1. शुभमन गिल (कप्तान) 2. विराट कोहली 3. रोहित शर्मा 4. श्रेयस अय्यर 5. केए राहुल 6. ईशान किशन 7. अक्षर पटेल 8. हार्दिक पांड्या 9. कुलदीप यादव 10. मोहम्मद सिराज 11. हर्षित राणा 12. जसप्रीत बुमराह 13. भुवनेश्वर कुमार
शायद (टीम में हो भी सकते हैं, नहीं भी): 1. यशस्वी जायसवाल 2. ऋतुराज गायकवाड़ 3. वरुण चक्रवर्ती 4. नितीश कुमार रेड्डी 5. मोहम्मद शमी 6. अर्शदीप सिंह 7. प्रसिद्ध कृष्णा
टीम से बाहर: 1.संजू सैमसन 2. वैभव सूर्यवंशी 3. अभिषेक शर्मा 4. रवि बिश्नोई 5. शिवम दुबे 6. प्रिंस यादव 6. गुरनूर बरार 7. ऋषभ पंत 8. वॉशिंगटन सुंदर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं