विज्ञापन

विमेंस टी20 एशिया कप: शेफाली की तूफान पारी से भारत ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, 'पावरप्ले' में कभी न हुआ था ऐसा

थाईलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की शुरुआत तो दमदार हुई थी, लेकिन इसके बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई और टीम इंडिया 20 ओवर में सिर्फ 159 रन ही बना सकी.

विमेंस टी20 एशिया कप:  शेफाली की तूफान पारी से भारत ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड,  'पावरप्ले' में कभी न हुआ था ऐसा
Women's T20 Asia Cup: Highest Score in Powerplay India Create History

भारत ने 'विमेंस एशिया कप 2026' में थाईलैंड के विरुद्ध रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया. भारत विमेंस टी20 एशिया कप के शुरुआती 6 ओवरों में 60 रनों का आंकड़ा छूने वाला पहला देश बन गया है. भारत ने रविवार को थाईलैंड के विरुद्ध शुरुआती 6 ओवरों के खेल में 1 विकेट खोकर 65 रन बनाए.  इसी के साथ उसने अपने पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया. टीम इंडिया ने साल 2022 में बांग्लादेश के विरुद्ध विमेंस एशिया कप के मुकाबल में पावरप्ले के खेल तक बगैर कोई विकेट गंवाए 59 रन बनाए थे.

इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर श्रीलंकाई टीम है, जिसने साल 2026 में यूएई के विरुद्ध शुरुआती 6 ओवरों में 58/1 का स्कोर खड़ा किया था. भारत इस लिस्ट में चौथे और पांचवें पायदान पर भी है. टीम इंडिया ने साल 2024 में पाकिस्तान के विरुद्ध 6 ओवरों में बगैर कोई विकेट गंवाए 57 रन बनाए थे. साल 2024 में ही भारतीय महिला टीम ने यूएई के विरुद्ध पावरप्ले के खेल तक 3 विकेट खोकर 56 रन जुटा लिए थे.

हालांकि, मजबूत शुरुआत के बावजूद भारतीय टीम विमेंस एशिया कप 2026 के तीसरे मुकाबले में थाईलैंड के सामने 9 विकेट गंवाकर 159 रन ही बना सकी.  रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने संभली हुई शुरुआत दिलाई. सलामी जोड़ी ने 18 गेंदों में 38 रन जुटाए. मंधाना 10 गेंदों में 4 चौकों के साथ 19 रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद शेफाली ने प्रतिका रावल के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में 53 रन जुटाकर टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचाया.

अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहीं प्रतिका 18 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 22 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. इसके बाद शेफाली ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 17 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया. भारत 11वें ओवर की समाप्ति तक मजबूत स्थिति में था. इसके बाद अगले ओवर से विकेटों का पतझड़ लग गया। 11.3 ओवर में टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (5) का विकेट गंवा दिया, जिसके बाद अगले ओवर की लगातार दो गेंदों पर शेफाली वर्मा (36 गेंदों में 11 बाउंड्री के साथ 64 रन) और ऋचा घोष (0) भी पवेलियन लौट गईं.

टीम ने 16वें ओवर में दाप्ति शर्मा (5) का विकेट गंवा दिया। 17वें ओवर में भारती फुलमाली (13) और प्रेमा रावत (6) भी आउट हो गईं. इसके बाद क्रांति गौड़ (नाबाद 15) ने श्री चरणी (नाबाद 6) के साथ 10वें विकेट के लिए 16 गेंदों में 22 रन की अटूट साझेदारी करते हुए भारत को किसी तरह 150 के पार पहुंचाया. थाईलैंड के लिए सुलीपोर्न लाओमी ने 26 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि सुनिदा चतुरोंगरात्तन ने 2 विकेट निकाले. इनके अलावा, चानिदा सुथिरुआंग और कप्तान थिपाचा पुत्थावोंग ने 1-1 विकेट चटकाया.

यह भी पढ़ें: 'इमरान खान के मु्द्दे पर चुप रहो' पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का खिलाड़ियों को फरमान

यह भी पढ़ें: 117 रन, 13 चौके और 6 छक्के...प्रिया पुनिया ने रचा दिल्ली प्रीमियर लीग का नया इतिहास, टूट गए सबसे बड़े रिकॉर्ड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Thailand Women, Cricket, India Women
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com