हाल ही में वैभव सूर्यवंशी को दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन का उप-कप्तान बनाया गया, तो यह एक वर्ग को बिल्कुल भी पसंद नहीं आया. इसको लेकर दिग्गज कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी सवाल उठाए, लेकिन चयनकर्ताओं का मानना है कि वे भविष्य में निवेश कर रहे हैं. ईस्ट ज़ोन चयन समिति के एक सदस्य ने इस कदम के पीछे की सोच को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस किशोर खिलाड़ी को कप्तानी नहीं सौंपी जा रही है, बल्कि भविष्य की बड़ी जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जा रहा हैय
ओडिशा के पूर्व रणजी खिलाड़ी और चयनकर्ता प्रवंजन मल्लिक ने एक वेबसाइट से बातचीत में कहा, 'उन्हें कप्तान नहीं बनाया गया है. उन्हें केवल उप-कप्तान बनाया गया है. कप्तान इशान किशन हैं. इसके अलावा, इशान एक विकेटकीपर हैं. इसलिए वह पूरे दिन मैदान पर सक्रिय रूप से शामिल रहेंगे. ऐसा नहीं है कि वैभव पूरे दिन टीम की कप्तानी करेंगे. जैसे-जैसे वह बड़े हो रहे हैं, वे दिन-प्रतिदिन परिपक्व हो रहे हैं. उन्हें अधिक जिम्मेदारी देने से उन्हें और अधिक परिपक्व होने में मदद मिलेगी.' मल्लिक ने कहा कि चयनकर्ताओं का यह फैसला सूर्यवंशी की तेज प्रगति और कम उम्र में भी जिम्मेदारी संभालने की उनकी क्षमता पर आधारित था.
I wonder what the thinking is behind making Sooryavanshi vice-captain of a senior red ball team. He has played 12 innings for 207 runs @ 17.25. His talent is extraordinary but there is a learning curve and he is at the bottom of it in red ball cricket.
— Harsha Bhogle (@bhogleharsha) July 30, 2026
उन्होंने कहा, 'दलीप ट्रॉफी में उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालने का यह उनके लिए एक शानदार अवसर है. वह देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं और हमारा मानना है कि युवा खिलाड़ियों को जिम्मेदारी देना महत्वपूर्ण है. कौन जानता है कि वह एक दिन वह भारत के कप्तान भी बन सकते हैं. वहीं, चयनकर्ताओं ने सूर्यवंशी के पिछले नेतृत्व के अनुभव को भी ध्यान में रखा. यह युवा बल्लेबाज पहले ही प्रथम श्रेणी क्रिकेट में बिहार के उप-कप्तान की भूमिका निभा चुका है और अंडर-19 विश्व कप जीत के दौरान भारत के नेतृत्व समूह का हिस्सा भी रहा था.
मल्लिक ने कहा, 'वह देश के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और राजस्थान रॉयल्स के साथ उनका आईपीएल का सीज़न भी शानदार रहा है. वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में बिहार के उप-कप्तान भी हैं.' ईस्ट ज़ोन चयन समिति की बैठक ईडन गार्डन्स में हुई, जिसमें बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन, त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन और ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. ईस्ट ज़ोन टीम 23 अगस्त से बेंगलुरु में नॉर्थ ज़ोन के खिलाफ अपने दलीप ट्रॉफी अभियान की शुरुआत करेगी. टीम इस प्रकार है:-
ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जायसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रंसु सेनापति, दिनेश दास, अभिजीत सरकार.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं