भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं लेकिन उनको भारतीय टीम में मौका नहीं मिल रहा है. ऐसे में अब पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने मोहम्मद शमी की वकालत की है और सवाल खड़ा किया है कि आखिर शमी को टीम में मौका क्यों नहीं मिल रहा है. भारत के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा का मानना है कि उम्र कोई वजह नहीं हो सकती,उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क से तुलना की, जो शमी की ही उम्र के हैं.
CREX के एक वीडियो में चोपड़ा ने कहा, "मोहम्मद शमी और मिचेल स्टार्क के बीच बहुत बड़ा फर्क है. स्टार्क कभी टीम से बाहर नहीं हुए, वे फिट रहे, लगातार खेलते रहे और जब भी उन्होंने वापसी की, तो उन्होंने ही गेंदबाजी की कमान संभाली. उनकी फॉर्म, फिटनेस और तेजी पर कभी कोई सवाल नहीं उठा. " उन्होंने आगे कहा, "दूसरी ओर, मोहम्मद शमी को चोटें लगीं, सर्जरी करानी पड़ी और वे लंबे समय तक बाहर रहे. जब उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी की, तो उनकी लय, रफ्तार और खेल की तीव्रता पर सवाल उठे." चोपड़ा ने रोहित शर्मा और विराट कोहली का उदाहरण दिया, जो 30 के दशक के आखिर में होने के बावजूद भारत के लिए खेल रहे हैं. इससे यह साबित होता है कि शमी को टीम में न चुने जाने की वजह उनकी उम्र नहीं है.
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा, "क्या शमी की उम्र उनके खिलाफ जा रही है? मुझे लगता है कि यह बेतुकी बात होगी, अगर आप किसी को उसकी उम्र की वजह से टीम से बाहर करते हैं, तो इसका कोई मतलब नहीं बनता, क्योंकि आप अभी भी विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को चुन रहे हैं, तो फिर शमी में क्या कमी है? मुझे नहीं लगता कि उम्र इसकी वजह है."
उन्होंने आगे कहा, "किसी न किसी स्तर पर चयनकर्ता इस बारे में साफ़ तौर पर बताएंगे, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उम्र इसकी वजह हो सकती है। इसके पीछे ज़रूर कोई और बात होगी."
ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी मैदान पर कदम रखते ही रच देंगे इतिहास, 20 साल बाद कारनामा करने वाले बन जायेंगे नंबर 1 भारतीय
ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी आउट, सैमसन को मौका, आकाश चोपड़ा ने भारत बनाम अफगानिस्तान मुकाबले के लिए प्लेइंग XI का किया चुनाव
ये भी पढ़ें- 'तेज गेंदबाज' की टॉप 20 में एंट्री, नंबर 1 नीरज चोपड़ा, 80m से ज्यादा दूर भाला फेंकने वाले भारतीय जैवलिन थ्रोअर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं