विज्ञापन

कौन हैं नमन धीर? 64 गेंदों में 173 रन की तूफानी पारी, पहली बार भारतीय वनडे टीम में मौका, घरेलू क्रिकेट में ऐसा है रिकॉर्ड

नमन धीर को पहली बार भारतीय वनडे टीम में जगह मिली है. 64 गेंदों में 173 रन की विस्फोटक पारी खेली थी.

कौन हैं नमन धीर? 64 गेंदों में 173 रन की तूफानी पारी, पहली बार भारतीय वनडे टीम में मौका, घरेलू क्रिकेट में ऐसा है रिकॉर्ड
नमन धीर को तूफानी बल्लेबाजी का मिला इमाम

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए वनडे और टी20 टीम का ऐलान कर दिया है. इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चा पंजाब के युवा ऑलराउंडर नमन धीर की हो रही है, जिन्हें पहली बार भारतीय वनडे टीम में चुना गया है. हाल ही में 64 गेंदों पर 173 रन की विस्फोटक पारी खेलने वाले नमन ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपने दमदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. आइए जानते हैं उनके क्रिकेट करियर और रिकॉर्ड के बारे में.

अमृतसर सूरमास के कप्तान और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज नमन धीर ने शेर-ए-पंजाब टी20 कप 2026 में अपनी बल्लेबाजी से सनसनी मचा दी थी. मोहाली किंग्स के खिलाफ 8 सितंबर को उन्होंने सिर्फ 64 गेंदों में 16 चौके और 12 छक्के जड़ते हुए 173 रन की तूफानी पारी खेली. यह पारी टूर्नामेंट की सबसे चर्चित पारियों में शामिल रही और इसी प्रदर्शन के बाद उनके लिए टीम इंडिया के दरवाजे खुल गए.

पंजाब के इस बैटिंग ऑलराउंडर ने 2023-24 सत्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा रहते हुए अपनी पहचान बनाई थी. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने आईपीएल 2024 में डेब्यू किया और सात मैचों में प्रभाव छोड़ा. इस दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उनकी नाबाद 62 रन की पारी काफी चर्चा में रही. अगले सीजन रिलीज होने के बावजूद मुंबई इंडियंस ने 2025 की नीलामी में राइट-टू-मैच कार्ड के जरिए उन्हें फिर अपने साथ जोड़ लिया.

आईपीएल 2025 में नमन को सभी 16 मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 182.60 के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए. इसके बाद आईपीएल 2026 में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 14 मैचों में 318 रन अपने नाम किए. लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय चयनकर्ताओं की नजर में बनाए रखा.

26 वर्षीय नमन धीर के घरेलू रिकॉर्ड भी प्रभावशाली हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 20 मैचों में उन्होंने 669 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं. लिस्ट-ए क्रिकेट की 14 पारियों में उनके नाम 351 रन दर्ज हैं. वहीं, 61 टी20 मुकाबलों में वह 1222 रन बना चुके हैं. गेंदबाजी में भी उन्होंने योगदान दिया है और फर्स्ट क्लास में 17, लिस्ट-ए में 7 तथा टी20 क्रिकेट में 8 विकेट हासिल किए हैं.

अब वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में नमन धीर पर सभी की नजरें रहेंगी. पहली बार भारतीय वनडे टीम में शामिल हुए इस ऑलराउंडर के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा.

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, और नमन धीर.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Afghanistan, Naman Dhir, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com