विज्ञापन

तिलक वर्मा को ये क्या हुआ, माथे पर चिपका अनचाहा रिकॉर्ड, 14 साल बाद किसी के हिस्से में आई यह बदनसीबी

Tilak Varma Unwanted Records in IPL 2026: आईपीएल 2026 के 65वें मैच में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स पर 32 गेंदों में महज 20 रन बनाए और उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है.

तिलक वर्मा को ये क्या हुआ, माथे पर चिपका अनचाहा रिकॉर्ड, 14 साल बाद किसी के हिस्से में आई यह बदनसीबी
Tilak Varma Unwanted Records in IPL 2026:

Tilak Varma Unwanted Records in IPL 2026: टी20 क्रिकेट को चौकों और छक्कों का खेल माना जाता है, जहां बल्लेबाज पहली ही गेंद से गेंदबाजों पर हावी होने की कोशिश करते हैं. लेकिन कभी-कभी मैदान पर कुछ ऐसा घट जाता है जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की होती है. बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. इस मैच में तिलक वर्मा के माथे पर एक ऐसा अनचाहा और शर्मनाक रिकॉर्ड चिपक गया, जिसने 14 साल पुराने एक बदनसीब रिकॉर्ड की यादें ताजा कर दी.

माइकल हसी के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचे

ईडन गार्डन्स की पिच पर तिलक वर्मा रन बनाने के लिए बुरी तरह जूझते हुए नजर आए. उन्होंने इस मुकाबले में 32 गेंदों का सामना किया और मात्र 62.50 के बेहद धीमे स्ट्राइक रेट से सिर्फ 20 रन बनाए. आईपीएल के इतिहास में 30 या इससे ज्यादा गेंद खेलकर सबसे कम स्ट्राइक रेट निकालने के मामले में तिलक वर्मा अब एक बेहद अनचाहे लिस्ट में शामिल हो गए हैं. इस मामले में सबसे ऊपर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज माइकल हसी हैं, जिन्होंने साल 2012 में जयपुर के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 32 गेंदों पर केवल 19 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 59.37 का था. अब 14 साल बाद तिलक वर्मा के हिस्से में यह बदनसीबी आई है.

आईपीएल 2026 में पहली बाउंड्री के लिए तरसे तिलक

तिलक वर्मा की इस पारी की लाचारी का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि वे अपनी पहली बाउंड्री (चौका या छक्का) मारने के लिए तरस गए. आईपीएल 2026 में पहली बाउंड्री लगाने के लिए सबसे ज्यादा गेंदें खेलने का रिकॉर्ड भी अब तिलक के नाम दर्ज हो गया है.

आईपीएल 2026 में पहली बाउंड्री के लिए सबसे ज्यादा गेंदें खेलने वाले खिलाड़ी

25 गेंद - तिलक वर्मा (बनाम केकेआर, कोलकाता)
24 गेंद - रविंद्र जडेजा (बनाम एलएसजी, लखनऊ)
22 गेंद - तिलक वर्मा (बनाम गुजरात, अहमदाबाद)

मुंबई की पारी रही बेअसर, कोलकाता ने 4 विकेट से मारी बाजी

तिलक वर्मा की इस धीमी पारी का असर मुंबई इंडियंस के कुल स्कोर पर भी पड़ा. टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 147 रन ही बना सकी. टीम की ओर से कॉर्बिन बॉश ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या ने 26 रनों का योगदान दिया.

जवाब में 148 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले ही ओवर में फिन एलन (8) का विकेट खो दिया था. यहां से कप्तान अजिंक्य रहाणे (21 रन) ने मनीष पांडे के साथ मिलकर पारी को संभाला. हालांकि 54 रन के स्कोर तक केकेआर के 3 विकेट गिर चुके थे, लेकिन इसके बाद मनीष पांडे (45 रन) और रोवमैन पॉवेल (40 रन) ने चौथे विकेट के लिए 64 रनों की शानदार साझेदारी करके कोलकाता की जीत तय कर दी. आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह (9) और अनुकूल रॉय (4) ने नाबाद रहते हुए टीम को 7 गेंदें शेष रहते 4 विकेट से जीत दिला दी. इस जीत के साथ केकेआर ने प्लेऑफ की रेस में खुद को मजबूती से बनाए रखा है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com