विज्ञापन
This Article is From Oct 09, 2017

IND vs AUS: डेविड वॉर्नर को अभी भी टी20 सीरीज में ऑस्‍ट्रेलिया की जोरदार वापसी की उम्‍मीद

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कार्यवाहक कप्तान डेविड वॉर्नर टी20 सीरीज के अगले दो मैचों में अपनी टीम के शानदार प्रदर्शन की उम्‍मीद लगाए हैं.

IND vs AUS: डेविड वॉर्नर को अभी भी टी20 सीरीज में ऑस्‍ट्रेलिया की जोरदार वापसी की उम्‍मीद
डेविड वॉर्नर ने कहा कि पहला टी20 हारने के बावजूद उनकी टीम का मनोबल कम नहीं हुआ है (फाइल फोटो)
  • कहा-पहला टी20 हारने के बावजूद टीम का मनोबल मजबूत
  • हमें आगे के मैचों में ऑस्‍ट्रेलिया शैली का क्रिकेट खेलना होगा
  • भारत को उसके घर में हराने के लिए दिखाना होगा सर्वश्रेष्‍ठ खेल
गुवाहाटी: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कार्यवाहक कप्तान डेविड वॉर्नर टी20 सीरीज के अगले दो मैचों में अपनी टीम के शानदार प्रदर्शन की उम्‍मीद लगाए हैं. वॉर्नर ने यहां कहा कि उनकी टीम का मनोबल कम नहीं हुआ है और भारत के खिलाफ मौजूदा टी-20 सीरीज में टीम को वापसी करने के लिये ‘ऑस्ट्रेलियाई तरीके’की क्रिकेट खेलना होगा. वनडे सीरीज में 1-4 से हार और तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहले मैच में शिकस्त के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम 0-1 से पीछे है.

यह भी पढ़ें : इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी की पत्नी शादी से पहले कर चुकी है 5 खिलाड़ियों को डेट

सीरीज के दूसरे मैच की पूर्व संध्या पर वार्नर ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘हमें मैदान में उतरकर अच्छा खेल दिखाना होगा और खुद का शत प्रतिशत समर्थन करना होगा. हमें सिर्फ वैसा क्रिकेट ही खेलना है जिसके लिए हमें जाना जाता है. हम ऐसी ही शैली की क्रिकेट खेलते है.’रांची में खेले गये पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी बिखर गई लेकिन वॉर्नर ने कहा वे इसकी चिंता नहीं कर रहे. उन्होंने कहा, ‘मैं इसके बारे में ज्यादा चिंतित नहीं हूं. अगर आप मैच में जल्दी भी आउट हो जाते हैं तो वह भी साझेदारी के लिये एक तरीके का बिखराव ही है. ऐसे में हर कोई निराश होता है, कोई भी आउट नहीं होना चाहता है. हां, यह जरूर है कि हमेशा इसका कोई कारण होता है. लोग दबाव की बात करते हैं. लोग बात करते हैं कि दो बल्लेबाज आए और दोनों आउट हो गए.’

वीडियो: गावस्‍कर बोले, निडर गेंदबाज हैं चहल और कुलदीप
उन्होंने कहा, ‘जरूरी यह है कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हो, हम हर मैच जीतने की कोशिश करते हैं. यहां हमारे लिए एक जीत काफी चुनौतीपूर्ण है, यह काफी मुश्किल है, आपको अपनी क्षमता के मुताबिक सर्वश्रेष्ठ खेलना होगा.’ वॉर्नर ने कहा कि उनके खिलाड़ियों के पास अभी मौके हैं. उन्होंने कहा, ‘अगर आप भारत को घरेलू परिस्थितियों में या कहीं भी मौका देते हैं तो वह वापसी कर लेते हैं. किसी टीम को उनके घर में हराने के लिये आपको सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है. अभी हमारे पास कई मौके हैं.’ बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने कहा कि कप्तानी के मामले में वह टीम के स्थायी कप्तान स्टीव स्मिथ के पदचिह्नों पर चल रहे हैं. वॉर्नर ने कहा, ‘मैं खिलाड़ियों को वहीं संदेश देने की कोशिश करता हूं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि जब हम अच्छा कर रहे हों तो और ज्यादा प्रतिबद्ध रहें. मैदान पर हम पूरी तैयारी के साथ जाएं.’ (इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ind Vs Aus, David Warner
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com