Abhishek Sharma, IPL 2026: अभिषेक शर्मा का बल्ला जब भी चलता है, गेंदबाजों की शामत आ जाती है और रिकॉर्ड बुक भी अपडेट हो जाती है। आईपीएल 2026 में मंगलवार को हैदराबाद में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ खेलते हुए एसआरएच के इस ओपनर ने विस्फोटक शतक लगाया और टीम के लिए सबसे ज्यादा 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बन गए. अभिषेक शर्मा एसआरएच की तरफ से पारी की शुरुआत करने आए थे. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 68 गेंदों पर 10 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 135 रन की पारी खेली. इस पारी की बदौलत एसआरएच ने 2 विकेट पर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. एसआरएच के गेंदबाजों ने 195 रन पर दिल्ली कैपिटल्स को रोककर 47 रन से मैच जीत लिया.
अभिषेक के माता-पिता हुए इमोशनल
मैच के बाद अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया. अभिषेक जब प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब लेने के लिए पहुंचे तो उन्होंने अपनी इस पारी का श्रेय माता-पिता को भी दिया. अपने इंटरव्यू में जब अभिषेक ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता -पिता और बहन को दिया तो स्टेडियम जनता की तालियों से गूंज उठा. अभिषेक की बातें सुनकर माता-पिता इमोशनल नजर आए और ऐसा लगा कि जैसे उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया है, अपने बेटे की इस सफलता को देखकर माता-पिता की खुशी सातवें आसमान पर थी.
संस्कारी अभिषेक शर्मा का इंटरव्यू सुनकर माता-पिता का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।बहन भी अपने पति के साथ स्टेडियम थी।
— कृपा शंकर (@KripaSh75508777) April 22, 2026
कल के मैच में अभिषेक शर्मा ने बहुत ही बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
टोटल रन:-135 गेंद:-68 चौका:-10 छक्का:-10
अपने इंटरव्यू में जब अभिषेक ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने… pic.twitter.com/QSfj67PUu5
प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतकर अभिषेक ने रचा इतिहास
बता दें कि SRH की जीत के बाद अभिषेक शर्मा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब दिया गया. इस टीम के लिए खेलते हुए 81वें मैच में उन्होंने 7वीं बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब जीता. अभिषेक अब एसआरएच के लिए इस खिताब को सर्वाधिक बार जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने टीम के पूर्व तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ा.
आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का हिस्सा बने भुवनेश्वर कुमार 2014 से 2024 तक एसआरएच का हिस्सा थे, और टीम के लिए सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ियों में उनका नाम शामिल है. भुवनेश्वर ने एसआरएच के लिए 145 मैच खेले और इस दौरान 6 बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब जीता था.
एसआरएच के लिए खेलते हुए अभिषेक का यह दूसरा शतक था. टीम के लिए 2 शतक लगाने वाले डेविड वॉर्नर और हेनरिक क्लासेन के बाद वह तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. आईपीएल 2025 में अभिषेक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 55 गेंदों पर 10 छक्कों और 14 चौकों की मदद से 141 रन की पारी खेली थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं