टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वसीम जाफर खेल की समझ के मामले में एक चैंपियन खिलाड़ी हैं. कम बोलते हैं, लेकिन जब बोलते हैं, तो बात पते की बोलते हैं. जाफर ने युवा पृथ्वी शॉ के बारे में अपने विचार रखे हैं. जाफर ने शॉ को एक बेहतरीन क्रिकेटर बताते हुए कहा पृथ्वी की काबिलियत को लेकर कोई शक नहीं है और वह एक नैसर्गिक खिलाड़ी है. उसके पास वह सब है जिसकी जरूरत आने वाले सालों में भारत के लिए एक बड़ा खिलाड़ी बनने के लिए होती है, लेकिन इसके बावजूद इस युवा बल्लेबाज को कुछ पहलुओं पर काम करने की जरूरत है. ध्यान दिला दें कि अक्टूबर 2018 को पृथ्वी शॉ भारत के लिए अपने पहले ही टेस्ट में शतक जमाने वाले 15वें बल्लेबाज बने थे. तब उन्होंने विंडीज के खिलाफ राजकोट में 134 रन बनाए थे. जिस अंदाज में पृथ्वी शॉट खेलते हैं, वह उन्हें वीरेंद्र सहवाग की याद दिलाता, लेकिन जाफर के अनुसार कई क्षेत्रों में जाफर को सुधार करने की जरूरत है.
जाफर ने आकाश चोपड़ा के साथ यू-ट्यूब चैनल पर एक कार्यक्रम में कहा कि वह एक स्पेशल खिलाड़ी हैं. इसमें कोई संदेह नहीं हैं. जिस तरह वह स्ट्रोक खेलते हैं और अगर उनका बल्ला चल जाता है, तो पृथ्वी की बल्लेबाजी में सहवाग दिखाई पड़ते हैं. शॉ पूरी तरह से बॉलिंग अटैक को तबाह कर सकता है, लेकिन उन्हें अपने गेम को और बेहतर तरीके से समझने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड दौरे में पृथ्वी फंसे हुए दिखाई पड़े. वह दो बार शॉर्टपिच गेंद पर आउट हुए और कीवियों के जाल में फंस गए.
शॉ साल 2018019 में ऑस्ट्रेलिया दौरे में प्रैक्टिस मैच में चोटिल हो गए थे. तब वह गलत कारणों से चर्चाओं में थे और अनुशासनहीनता को लेकर शॉ की खबरें छप रही थीं. वास्तव में, मामला इस स्तर तक पहुंच गया ता कि बीसीसीआई ने सचिन ने शॉ से मिलकर उन्हें अनुशासन का महत्व बताने का अनुरोध किया. और पृथ्वी के चोटिल होने के दौरान सचिन ने एक-दो मौकों पर शॉ को अपने घर खाने पर बुलालकर उनकी हौसलाअफजाई की और कई महत्वपूर्ण बातें बतायीं. इसके बाद न्यूजीलैंड दौरे में टीम में उनकी वापसी हुई, लेकिन क्राइस्टचर्च में दूसरे टेस्ट में बनाए अर्द्धशतक को छोड़कर वह असर नहीं छोड़ सके.
जाफर ने कहा कि पृथ्वी को बड़ा खिलाड़ी बनने और भारत के लिए एक सफल किलाड़ी बनने के लिए खुद पर नियंत्रण करने की जरूरत है. पूर्व ओपनर ने कहा कि मुझे ऐसा भी लगता है कि मैदान के बाहर की जिंदगी को लेकर पृथ्वी को ज्यादा अनुशासित होने की जरूरत है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल होने के लिए पृथ्वी के पास काबिलियत है, लेकिन मैदान के बाहर उसे और अनुशासित होने की जरूरत है.
VIDEO: कुछ दिन पहले विराट ने अपने करियर को लेकर बड़ी बात कही थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं