विज्ञापन

VIDEO: पुलिस हिरासत में आरोपी की बीच सड़क पर पिटाई, मर्डर के सीन रिक्रिएशन के दौरान भड़की भीड़

ओडिशा के पुरी में हाई‑प्रोफाइल मर्डर केस के सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी की बीच सड़क पर पिटाई का वीडियो सामने आया है. पुलिस की मौजूदगी में भीड़ ने आरोपी पर हमला कर दिया, जिससे कानून‑व्यवस्था पर सवाल उठे हैं.

VIDEO: पुलिस हिरासत में आरोपी की बीच सड़क पर पिटाई, मर्डर के सीन रिक्रिएशन के दौरान भड़की भीड़

Police Custody Assault Video: ओडिशा के पुरी में एक हाई‑प्रोफाइल मर्डर केस की जांच के दौरान मंगलवार को उस वक्त अफरा‑तफरी मच गई, जब क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी पर भीड़ टूट पड़ी. पुलिस की मौजूदगी में आरोपी को बीच सड़क घसीटकर पीटा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना ने कानून‑व्यवस्था और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

सीन रिक्रिएशन के दौरान भड़की लोगों की भीड़

घटना उस समय हुई, जब पुलिस फिलिमिन डिगल हत्याकांड के आरोपी बाबू बेहरा को सीन रिक्रिएशन के लिए घटनास्थल पर ले गई थी. पुलिस आरोपियों से अपराध की कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही थी, तभी मौके पर मौजूद लोगों, जिनमें मृतक के परिजन बताए जा रहे हैं, अचानक उग्र हो गए.

आरोपी को जमीन पर घसीटकर पीटने का आरोप

चश्मदीदों के अनुसार, गुस्साई भीड़ ने बाबू बेहरा पर हमला कर दिया. उसे जमीन पर गिराया गया, घसीटा गया और लात‑घूंसे व थप्पड़ मारे गए. यह सब पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में हुआ, लेकिन शुरुआती पल में हालात इतने तेजी से बिगड़े कि पुलिस भी उसे तुरंत बचा नहीं सकी.

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी पुलिस कस्टडी में था, फिर भी लोग उस तक पहुंच गए. कुछ देर बाद पुलिस ने हालात संभाले और आरोपी को भीड़ से अलग किया. इस दौरान मौके पर भारी तनाव का माहौल रहा और लोगों के बीच दहशत फैल गई.

मर्डर केस का बैकग्राउंड

दरअसल, यह मामला फिलिमिन डिगल की कथित हत्या से जुड़ा है, जो पिछले महीने से लापता था. मामले का खुलासा तब हुआ, जब उसकी पत्नी ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस को हत्या की आशंका हुई और कई लोगों को हिरासत में लिया गया.

शव अब तक नहीं मिला

जांच में सामने आया कि फिलिमिन डिगल का कथित तौर पर 9 फरवरी 2026 को अपहरण किया गया, फिर उसकी हत्या कर शव को नुआनाई नदी में फेंक दिया गया, जो समुद्र से जुड़ी है. हालांकि, घटना को करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद अब तक शव बरामद नहीं किया जा सका है.

पुलिस जांच के दौरान आरोपियों ने अलग‑अलग बयान दिए. पहले दावा किया गया कि शव चिलिका इलाके में फेंका गया था. बाद में आरोपी बाबू बेहरा ने कथित तौर पर जुर्म कबूल किया और पुलिस को घटनास्थल तक ले जाकर सीन रिक्रिएशन कराने की बात कही.

सीन रिक्रिएशन के दौरान हुआ हमला

इस मामले पर NDTV से बात करते हुए गादीसगढ़ पुलिस स्टेशन के IIC शांतनु कुमार प्रधान ने बताया कि सीन रिक्रिएशन के दौरान आरोपी पर कुछ लोगों ने हमला किया. इस संबंध में पेंथकाटा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.

कानून‑व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी तक भीड़ कैसे पहुंच गई. जानकारों का कहना है कि कानून को अपने हाथ में लेने की ऐसी घटनाएं बेहद गंभीर हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना जरूरी है, ताकि न्याय प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा बना रहे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Puri Murder Case Video, Police Custody Assault Video, Odisha Crime Scene Recreation, Mob Attack On Murder Accused, High Profile Murder Case India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com