पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनुस ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है. वकार का मानना है कि भारतीय क्रिकेट को बेहद कम उम्र में ऐसा खिलाड़ी मिल गया है, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है. उन्होंने वैभव की तुलना 15 साल के सचिन तेंदुलकर से भी की और बताया कि आज के दौर में युवा खिलाड़ी पहले के मुकाबले ज्यादा तैयार होकर सामने आते हैं.
हाल ही में शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान वकार यूनुस से पूछा गया कि वह 15 साल के सचिन तेंदुलकर और मौजूदा दौर के 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को किस नजरिए से देखते हैं वो काफी तंदुरुस्त हैं.
इसके जवाब में उन्होंने कहा, "जब 15 साल के सचिन को देखा था, जिन्हें देखकर लगता था कि वह 11 साल के बच्चे हैं, लेकिन सचिन भी अपने समय में काफी तंदुरुस्त थे."
वकार यूनुस का मानना है कि आज की पीढ़ी को वह सुविधाएं मिल रही हैं, जो उनके दौर में नहीं थीं. उन्होंने कहा कि क्रिकेट पहले से कहीं ज्यादा तेज हो गया है और इसी वजह से अब कम उम्र में असाधारण प्रतिभाएं लगातार सामने आ रही हैं.
पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, "नई पीढ़ी टेक्नोलॉजी, बायोमैकेनिक्स और आधुनिक ट्रेनिंग के साथ तैयार होकर आती है. उनके फिटनेस के मानक भी हमारे दौर से काफी अलग हैं." उन्होंने अपने दौर को याद करते हुए कहा, "हमारे समय में फिजियो की भूमिका बहुत सीमित होती थी. अगर कोई खिलाड़ी चोटिल हो जाता था तो उसे खुद ही किसी तरह फिट होना पड़ता था या फिर समय के साथ ठीक होना पड़ता था. आज खिलाड़ियों को हर तरह की वैज्ञानिक और पेशेवर मदद मिलती है. मुझे लगता है कि यही चीजें सबसे बड़ा फर्क पैदा करती हैं."
वकार के इस बयान से साफ है कि वह वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का भविष्य मानते हैं. साथ ही उनका मानना है कि आधुनिक क्रिकेट का माहौल युवा खिलाड़ियों को कम उम्र में ही बड़े मंच पर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास और तैयारी देता है. ऐसे में वैभव से आगे भी भारतीय क्रिकेट को काफी उम्मीदें रहने वाली हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं