विज्ञापन
This Article is From May 31, 2017

'वेरी-वेरी स्पेशल' लक्ष्मण ने कहा, पाकिस्तान से क्रिकेट नहीं खेलने का सरकार का फैसला सही, यह अभी खेल से जुड़ा मामला नहीं...

पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलने के सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि यह अभी खेल से जुड़ा मामला नहीं है.

'वेरी-वेरी स्पेशल' लक्ष्मण ने कहा, पाकिस्तान से क्रिकेट नहीं खेलने का सरकार का फैसला सही, यह अभी खेल से जुड़ा मामला नहीं...
वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि सरकार के फैसले का सम्मान होना चाहिए (फाइल फोटो)
  • सरकार ने हाल ही में भारत-पाक सीरीज को मंजूरी देने से मना किया है
  • कई पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है
  • सरकार का कहना है कि आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते
बेंगलुरू: पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलने के सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि यह अभी खेल से जुड़ा मामला नहीं है. उन्होंने बुधवार को एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने हमेशा पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का लुत्फ उठाया, लेकिन सरकार जो भी फैसला करती है उसका सम्मान करना बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह खेल से इतर का मामला है.’’

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान के बीच चार जून को होने वाले मैच के बारे में लक्ष्मण ने कहा कि पाकिस्तान की टीम अच्छी है, लेकिन अगर भारत अपनी क्षमता से खेलता है तो वह बर्मिंघम में होने वाले मुकाबले को जीत लेगा.

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान बहुत अच्छी टीम है तथा भारत और पाकिस्तान के बीच कोई भी मैच काफी रोमांचक होता है. यह मैच बर्मिंघम में खचाखच भरे स्टेडियम में खेला जाएगा लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि अगर हम अपनी क्षमता से खेलते हैं तो निश्चित तौर पर यह मैच जीतने में सफल रहेंगे.’’

लक्ष्मण को इसके साथ ही विश्वास है कि चैंपियंस ट्राफी के दो अभ्यास मैचों में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए भारत खिताब का बचाव करने में सफल रहेगा. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि भारत चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करेगा और वे खिताब का बचाव करेंगे विशेषकर जिस तरह से उन्होंने अभ्यास मैचों में प्रदर्शन किया. हमारे बल्लेबाज अच्छी फार्म में हैं. शिखर धवन ने दोनों मैचों में जिस तरह से बल्लेबाजी की उससे मैं प्रभावित हूं. दिनेश कार्तिक ने भी बांग्लादेश के खिलाफ मौके का अच्छा फायदा उठाया.’’

कोच अनिल कुंबले और कप्तान विराट कोहली के बीच मतभेदों की रिपोर्टों के संदर्भ में लक्ष्मण ने कहा, ‘‘इस पर बात करने के लिये यह सही मंच नहीं है.’’

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
VVS Laxman, India Vs Pakistan, Cricket News In Hindi, PM Modi, ICC Champions Trophy 2017, Champions Trophy Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com