Virat Kohli vs Shubman Gill at IPL finals: आईपीएल 2026 के फाइनल में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच को जीतकर दोनों टीमें दूसरी बार खिताब जीतने की कोशिश करेगी. आजके मैच में एक बार फिर सबकी नजर विराट कोहली और शुभमन गिल पर रहेगी. दोनों बल्लेबाज अपनी-अपनी टीम के लिए ट्रंप कार्ड हैं. ऐसे में यह देखना काफी दिलचल्प होने वाला है कि फाइनल में दोनों दिग्गजों का परफॉर्मेंस कैसा रहता है. बता दें कि शुभमन गिल ने अबतक 15 मैच में कुल 722 रन बनाए हैं तो वहीं, विराट कोहली ने 15 मैच में 600 रन बनाने का कमाल किया है. यानी दोनों बल्लेबाज इस सीजन में जबरदस्त फॉर्म में हैं.
विराट कोहली का रिकॉर्ड आईपीएल फाइनल में
आईपीएल फाइनल के साथ विराट कोहली का रिश्ता 2009 से जुड़ा है. तब से, RCB के पूर्व कप्तान ने 4 आईपीएल फाइनल खेले हैं लेकिन फाइनल में कोहली के बल्ले से अबतक कोई बड़ा स्कोर नहीं निकला है. अबतक आईपीएल फाइनल में कुल मिलकर विराट कोहली ने 139 रन बनाए हैं. आईपीएल फाइनल में औसतन 34 से कुछ ज़्यादा रन बनाने वाले कोहली को लेकर हमेशा से यह बात कही गई है कि जब उनकी सबसे ज़्यादा जरूरत होती है, तब वह नाकाम हो जाते हैं. लेकिन पिछले साल पंजाब किंग्स के खिलाफ उनकी 'एंकर पारी' ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यह दाएं हाथ का बल्लेबाज 'बड़े मैचों का खिलाड़ी'है, और दबाव वाले हालात को बेहद आसानी से संभालने में सफल रहते हैं. दरअसल, कोहली ने आरसीबी के लिए सभी आईपीएल फाइनल मैच खेले हैं.
| फाइनल किस टीम के खिलाफ | रन बनाए | परिणाम | साल |
| डेक्कन चार्जर्स | 7 (7 गेंद) | RCB 6 रनों से हारी | 2009 |
| चेन्नई सुपर किंग्स | 35 (32 गेंद) | RCB 58 रनों से हारी | 2011 |
| सनराइजर्स हैदराबाद | 54 (35 गेंद) | RCB 8 रनों से हारी | 2016 |
| पंजाब किंग्स | 43 (35 गेंद) | RCB 6 रनों से जीती | 2025 |
शुभमन गिल का रिकॉर्ड आईपीएल फाइनल में
शुभमन गिल को फाइनल मैच खेलना पसंद है. कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अपना पहला आईपीएल फाइनल खेला, वहीं इसके अलावा उन्होंने आईपीएल का फाइनल 2022 और 2023 में गुजरात टाइटन्स की जर्सी में खेला था. दिलचस्प बात यह है कि शुभमन ने आईपीएल के फाइनल में कुछ बेहतरीन पारी खेली है.आईपीएल के फाइनल मैचों में शुभमन का औसत लगभग 45 का रहा है.यह भी न भूलें कि मौजूदा भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान ने 2022 में गुजरात टाइटन्स के अपने पहले ही सीजन में जब ट्रॉफी जीती थी, तब उन्होंने प्लेऑफ में शतक बनाया था.वहीं, आईपीएल 2026 के क्वालिफायर 2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ़ गिल ने शतक ठोका था.अब फाइनल में गिल क्या करते हैं, यह देखना दिलचस्प होने वाला है.
| फाइनल किस टीम के खिलाफ | किस टीम के लिए | रन बनाए | परिणाम | साल |
| चेन्नई सुपर किंग्स | कोलकाता नाइट राइडर्स | 51 (43 गेंद) | KKR 27 रनों से हारा | 2021 |
| राजस्थान रॉयल्स | गुजरात टाइटन्स | 45 नाबाद (43 गेंद) | गुजरात टाइटन्स 7 विकेट से जीता | 2022 |
| चेन्नई सुपर किंग्स | गुजरात टाइटन्स | 39 (20 गेंद) | CSK 5 विकेट से जीता | 2023 |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं