भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ में हुए सीरीज के दूसरे वनडे मुकाबले में 65 रनों की पारी खेली. इस पारी के दौरान उन्होंने पूर्व दिग्गज विव रिचर्ड्स के रिकॉर्ड की बराबरी की. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को शुभमन गिल और रोहित शर्मा की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी. इसके बाद गिल 31 रन बनाकर आउट हुए. गिल के जाने के बाद क्रीज पर आए कोहली, पहली ही गेंद से मूड में नजर आए. कोहली ने 50 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और एक मेगा रिकॉर्ड बुक में भी जगह बनाई.
विव रिचर्ड्स के रिकॉर्ड की बराबरी की
गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में विराट कोहली के बल्ले से आई पारी, इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में उनकी 14वीं 50+ की पारी थी. कोहली अब विव रिचर्ड्स के साथ इंग्लैंड के खिलाफ सर्वाधिक 50+ पारी खेलने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं और उनसे आगे केवल कुमार संगाकारा है.
कोहली ने 40 मैच की 40 पारियों में इंग्लैंड के खिलाफ 41.91 की औसत से 1467 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं. जबकि रिचर्ड्स के नाम 36 मैचों की 34 पारियों में 57.82 की औसत से 1619 रन हैं. विव रिचर्ड्स ने इंग्लैंड के विरुध 3 शतक और 11 अर्धशतक लगाए. जबकि टॉप पर मौजूद संगाकारा ने 44 मैचों में इंग्लैंड के खिलाफ 15 बार 50+ पारी खेली है. इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 11 अर्धशतक ठोके.
रोहित के साथ हासिल किया खास मुकाम
कोहली ने दूसरे विकेट के लिए रोहित के साथ मिलकर 60 रनों की साझेदारी की. इस साझेदारी के दौरान रोहित-कोहली की जोड़ी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 8 हजार रन पूरे कर लिए हैं. 'RO-KO' भारत के लिए सभी फॉर्मेट में सर्वाधिक रन जोड़ने के मामले में तीसरे नंबर की जोड़ी है. इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली सबसे आगे हैं, जिन्होंने सभी फॉर्मेट में कुल 12,400 रन जुटाए. इसके अलावा, तेंदुलकर ने राहुल द्रविड़ के साथ 11,037 रन जोड़े हैं.
यह भी पढ़ें: कंफर्म था इंग्लैंड के फाइनल का टिकट, फिर खुद के पैर पर मारी कुल्हाड़ी, कोच का यह फैसला बना हार का कारण
यह भी पढ़ें: लियोनेल मेसी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंग्लैंड के खिलाफ दो असिस्ट कर रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं