अगर आपको लगता है कि इस साल ओटीटी पर सिर्फ फिल्में और वेब सीरीज ही छाई रहीं, तो जरा रुकिए. दर्शकों ने सबसे ज्यादा क्या देखा, इसका पूरा हिसाब सामने आ गया है. ओरामैक्स मीडिया की मिड ईयर रिपोर्ट बताती है कि साल 2026 के पहले छह महीनों में किस कंटेंट ने लोगों को सबसे ज्यादा स्क्रीन से बांधे रखा. इस लिस्ट में क्रिकेट का दबदबा तो है ही, लेकिन एक रियलिटी शो, दो बड़ी हिंदी फिल्में और कई चर्चित वेब सीरीज भी अपनी जगह बनाने में कामयाब रही हैं.
ये भी पढ़ें: ना 300, ना 400... 'जन नायगन' को हिट होने के लिए करनी होगी इतनी कमाई, विजय की सबसे महंगी फिल्म पर लगा है बड़ा दांव
क्रिकेट के आगे कोई नहीं टिक पाया
ओरामैक्स मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2026 के शुरुआती छह महीने में सबसे ज्यादा देखा गया कंटेंट आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 रहा. इसे जियो हॉटस्टार पर करीब 24 करोड़ 60 लाख लोगों ने देखा. दूसरे नंबर पर इंडियन प्रीमियर लीग 2026 रही. जिसे 22 करोड़ 84 लाख दर्शकों ने देखा. इतना ही नहीं भारत बनाम न्यूजीलैंड क्रिकेट सीरीज 2026 भी टॉप 10 में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही. इसे 3 करोड़ 5 लाख लोगों ने देखा. इससे साफ है कि क्रिकेट का जुनून आज भी पहले जैसा ही बरकरार है.
रियलिटी शो और फिल्मों ने भी खूब बटोरी वाहवाही
क्रिकेट के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2 की रही. इस शो को करीब 3 करोड़ 85 लाख लोगों ने देखा. इसके बाद चौथे नंबर पर रही हिंदी फिल्म धुरंधर, जिसे 3 करोड़ 52 लाख दर्शकों ने देखा. वहीं धुरंधर: द रिवेंज भी पीछे नहीं रही. इस फिल्म को करीब 2 करोड़ 78 लाख लोगों ने देखा.
What did India watch on OTT in the first six months of 2026? Read our mid-year Ormax StreamView report to find out. pic.twitter.com/3G8wUOSDaL
— Ormax Media (@OrmaxMedia) July 16, 2026
वेब सीरीज और साउथ की फिल्म ने भी बनाई जगह
वेब सीरीज की बात करें तो मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी को 1 करोड़ 78 लाख और चिरैया को 1 करोड़ 63 लाख लोगों ने देखा. वहीं फुटबॉल का सबसे बड़ा टूर्नामेंट फीफा विश्व कप 2026 भी इस सूची में शामिल रहा. जिसे करीब 1 करोड़ 76 लाख दर्शकों ने देखा. इसके अलावा तेलुगु फिल्म द राजासाब ने भी 1 करोड़ 75 लाख दर्शकों के साथ टॉप 10 में जगह बना ली.
ओरमैक्स मीडिया की ये रिपोर्ट पूरे देश में हर हफ्ते किए जाने वाले दर्शक सर्वे के आधार पर तैयार की गई है. इसमें उन लोगों को गिना जाता है जिन्होंने किसी कंटेंट को कम से कम 30 मिनट तक देखा. इसमें सिर्फ भारत के दर्शकों का आंकड़ा शामिल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं