वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में अपनी अलग छाप छोड़ी है. आईपीएल 2026 में वैभव सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं. वैभव को ऑरेंज कैप से नवाजा गया. वैभव सूर्यवंशी ने 776 रन बनाए. वैभव जिस तरह से बल्लेबाजी करते हैं उसे देखकर ऐसा लगता है कि यह 15 साल का खिलाड़ी छोटे फॉर्मेट के लिए बना है. लेकिन हाल ही में सचिन तेंदुलकर ने माना है कि वैभव को टेस्ट में मौका मिलना चाहिए. वहीं, अब खुद वैभव सूर्यवंशी ने इंच्छा जताई है कि वो रेड बॉल क्रिकेट भी खेलना चाहता हैं. आईपीएल फाइनल के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए वैभव ने यह बात की है. सबसे खास बात ये है कि जब वैभव टेस्ट क्रिकेट को लेकर अपनी इच्छा जाहिर कर रहे थे तो उस समय उनके साथ बगल में सुनील गावस्कर भी मौजूद थे. दरअसल, स्टार स्पोर्ट्स पैनल में मौजूद पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा और अश्विन ने उनसे आगे के प्लान के बारे में सवाल किया तो 15 साल के वैभव ने इसपर जवाब देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य टेस्ट क्रिकेट खेलना है.
टेस्ट क्रिकेट असली क्रिकेट- वैभव सूर्यवंशी
आकाश चोपड़ा: वैभव सूर्यवंशी आपका आगे का क्या प्लान है?
वैभव सूर्यवंशी: सर अभी तो आगे भी मेरे मैचेस हैं तो उसपर ध्यान देना है बाकी मुझे रेड बॉल से खेलना भी बहुत पसंद है.
अश्विन: हां तुम्हारे कोच ने बताया था कि तुम्हे आराम से खेलने को बोला गया था और तुमने जल्दी से दो शतक मारे थे.
आकाश चोपड़ा: तुम्हारे पास में रेड बॉल के बेहतरीन प्लेयर खड़े हैं उनसे सीखो कुछ.
सुनील गावस्कर की कहानी सुनकर बाउंसरों से लड़ना सीखा
वैभव सूर्यवंशी: हां.. सर मेरे पापा तो बचपन से ही मुझे गावस्कर सर के बारे में बताते आए हैं, कि कैसे वो बिना हेलमेट के भी तगड़े गेंदबाजों को पुल मारते थे. मेरा खेल स्वाभाविक रूप से आक्रामक है, इसलिए हर कोई सोचता है कि मैं बस हर गेंद को हिट करने की कोशिश करता हूं. लेकिन मैं रेड-बॉल क्रिकेट भी खेलना चाहता हूं. मेरे पिता ने हमेशा मुझसे कहा है कि टेस्ट क्रिकेट इस खेल का असली क्रिकेट है."
वहीं, वैभव की बात को सुनकर महान गावस्कर मंद-मंद मुस्कुरा रहे थे. गावस्कर के रिएक्शन को देखकर समझा जा सकता था किपूर्व दिग्गज युवा खिलाड़ी की बात को सुनकर क्या महसूस कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं