भारत और अफगानिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा मुकाबला गुरुवार (17 सितंबर 2026) को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए महज औपचारिकता भर रह गया है. क्योंकि शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर भारतीय टीम सीरीज पर पहले ही कब्जा जमा चुकी है, जबकि अफगान टीम के लिए इस सीरीज में कुछ खास बचा नहीं है. हां, वह आखिरी मुकाबले को जीतकर सम्मान के साथ सीरीज से विदाई लेना जरूर चाहेगी.
आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय टीम अपने बेंच को आजमाना चाहेगी. पूरी संभावना नजर आ रही है कि आखिरी मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है. मगर किस खिलाड़ी के स्थान पर उन्हें टीम में शामिल किया जाएगा? ये बड़ा सवाल है. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन दोनों ही बल्लेबाजों ने जारी टूर्नामेंट में प्रभावित किया है. मगर एक खिलाड़ी को आखिरी मुकाबले में आराम दिया जा सकता है. पहली नजर में इस खिलाड़ी के रूप में अभिषेक नजर आते हैं.
दरअसल, अभिषेक शर्मा की जगह भारतीय टीम में कंफर्म है. वहीं सैमसन हाल के समय में अंदर बाहर होते रहे हैं. जिसे देखते हुई पूरी संभावना नजर आ रही है कि आखिरी टी20 मुकाबले में अभिषेक को आराम दिया जा सकता है. वहीं क्रिकेट प्रेमियों को सैमसन और वैभव की जोड़ी पारी का आगाज करते हुए नजर आ सकती है.
इस प्रकार हो सकती है भारतीय टीम
मध्यक्रम में ईशान किशन, कैप्टन श्रेयस अय्यर और वाइस कैप्टन तिलक वर्मा का खेलना कंफर्म है. इन तीनों ही बल्लेबाजों ने हाल के वर्षों में अपनी दमदार बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित किया है. किशन का बल्ला तो लगातार आग उगल रहा है. वहीं अय्यर और तिलक भी मौका मिलने पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं.
तीन ऑलराउंडर खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
आखिरी मुकाबले में भी भारती टीम तीन ऑलराउंडर खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतर सकती है. जिसमें नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे का नाम तो कंफर्म है. मगर स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर अक्षर पटेल की जगह पर वाशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है. सुंदर ने भी मिले मौके पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है.
ये गेंदबाजी क्रम फिर से मचाएगी तबाही
आखिरी टी20 मुकाबले में जसप्रीत बुमराह का खेलना कंफर्म है. क्योंकि वह लंबे समय के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं. कप्तान और कोच चाहते हैं कि वह अहम मुकाबलों से पहले लय में आ जाएं. मगर उनके जोड़ीदार के तौर पर यश ठाकुर को मौका मिल सकता है. हाल के दिनों में ठाकुर ने अपनी शानदार गेंदबाजी से हर किसी को प्रभावित किया है. मुख्य स्पिनर के तौर पर रवि बिश्नोई का खेलना लगभग कंफर्म है.
आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के लिए संभावित भारतीय टीम
संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह और यश ठाकुर.
यह भी पढ़ें- 'कमबैक' की हुंकार! भारत ने किया नजरअंदाज, तो इंग्लैंड पहुंच गया भारतीय स्टार, शतक जड़ चयनकर्ताओं को भेजा संदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं