विज्ञापन

सुनील गावस्कर को देखते ही दौड़े चले आए वैभव सूर्यवंशी और छुए पैर, वायरल हो रहा वीडियो

हैदराबाद के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ पारी खेली. वहीं इस मैच से पहले का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गावस्कर को देखते ही उनेक पास दौड़े चले आते हैं.

सुनील गावस्कर को देखते ही दौड़े चले आए वैभव सूर्यवंशी और छुए पैर, वायरल हो रहा वीडियो
Vaibhav Sooryavanshi Respectful Gesture For Sunil Gavaskar

Vaibhav Sooryavanshi Respectful Gesture For Sunil Gavaskar: न्यू चंडीगढ़ में वैभव सूर्यवंशी का कोहराम देखने को मिला. 334 का स्ट्राइक रेट, 12 छक्के, 5 चौकों के दम पर इस बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की पारी खेली. वैभव ने अपनी इस पारी के दौरान रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाा दी. भले ही वह क्रिस गेल का आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए, लेकिन उन्होंने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उससे तमाम दिग्गज उनके फैन हो गए. वैभव ने सिर्फ अपने खेल से ही नहीं बल्कि अपने अंदाज से भी फैंस का दिल जीता. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सुनील गावस्कर को देखते ही दौड़कर उनके पास आते हैं और आते ही उनके पैस छू लेते हैं. 

बुधवार को राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL 2026 के एलिमिनेटर मैच के दौरान 15 साल वैभव सूर्यवंशी ने दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर के प्रति दिखाए गए सम्मानजनक भाव ने सबका दिल जीत लिया है. मैच से पहले वार्म-अप सेशन के दौरान, 15 साल का सिताराजैसे ही भारतीय दिग्गज को देखता है, दौड़कर उनके पास पहुंच जाता है. गावस्कर इस दौरान ब्रॉडकास्टिंग एरिया में थे, जहां उनके साथ भारत के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगर भी मौजूद थे. सूर्यवंशी ने दोनों दिग्गजों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. सूर्यवंशी ने टीवी एंकर जतिन सप्रू के भी पैर छूने की कोशिश की, लेकिन जतिन ने उन्हें उनके पैर छूने नहीं दिए. यह दिल को छू लेने वाला पल था, जिसमें इस युवा खिलाड़ी की सादगी नज़र आई. यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

मैच की बात करें तो, सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में शानदार 97 रन बनाकर राजस्थान को हैदराबाद पर 47 रनों की जीत दिलाई. राजस्थान अब गुजरात के खिलाफ दूसरा क्वालीफायर खेलेगी, जबकि हैदराबाद बाहर हो गई है.  टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 243 रन बनाए. इस टीम को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 48 गेंदों में 125 रन की साझेदारी की. वैभव ने 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 29 गेंदों में 12 छक्कों और 5 चौकों के साथ 97 रन की पारी खेली, जबकि जायसवाल ने 29 गेंदों में 29 रन जुटाए. आरआर ने 137 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे.

यहां से कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 55 रन की साझेदार की. ध्रुव ने 21 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 50 रन बनाए. इनके अलावा, डोनोवन फरेरा और रवींद्र जडेजा ने 12-12 रन टीम के खाते में जोड़े. 

इसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद 19.2 ओवरों में 196 रन पर सिमट गई. इस टीम को दूसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) के रूप में बड़ा झटका लग गया था, जिसके बाद ईशान किशन ने ट्रेविस हेड के साथ दूसरे विकेट के लिए महज 15 गेंदों में 51 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी, लेकिन ईशान (33) के पवेलियन लौटते ही टीम बिखर गई. आलम ये रहा कि एसआरएच ने 6.5 ओवरों में अपने 5 विकेट गंवा दिए थे. अभी तक टीम के खाते में सिर्फ 81 रन ही जुड़े थे. इसके बाद सलिल अरोड़ा ने नितीश रेड्डी के साथ छठे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.

नितीश 38 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सलिल ने 35 रन की पारी खेली. शिवांग कुमार ने 27 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. विपक्षी खेमे से जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए. नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि यश राज ने 1 विकेट प्राप्त किया.

यह भी पढ़ें: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के फैन हुए यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल, ताबड़तोड़ बैटिंग देख दिया नया नाम

यह भी पढ़ें: SRH vs RR: IPL के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ने से चूकने पर क्या बोले वैभव सूर्यवंशी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com