भारतीय टीम के होनहार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. उनके खेल की पूरी दुनिया दीवानी हो गई है. लोग उन्हें खेलते हुए ही नहीं बल्कि उनसे जुड़ी हर एक चीज को जानना चाहते हैं. लोगों की इसी उत्सुकता को ध्यान में रखते हुए राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की फ्रेंचाइजी ने उनका खास इंटरव्यू लिया है. जहां उन्होंने अपने भविष्य के प्लान के बारे में बताया है. उन्होंने सवालों का जवाब देते हुए कहा, 'मुझे रेड बॉल खेलना है, क्योंकि मैं प्रैक्टिस करता हूं लाल बॉल की. मेरा सपना तो तीनों फॉर्मेट खेलने का है. ऐसा खेलना है कि सिर्फ खेलना ही नहीं है. 10 से 20 साल तक डोमिनेट (दबदबा) करना है.'
विराट के साथ पहली मुलाकात पर वैभव का बयान
आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के बाद जब खिलाड़ियों के बीच अवॉर्ड्स वितरित किए जा रहे थे. उसी दौरान कोहली और भारतीय क्रिकेट के फ्यूचर वैभव सूर्यवंशी की मुलाकात हुई. इस दौरान 'किंग' कोहली ने वैभव से खास बातचीत की. उस पल को याद करते हुए होनहार बल्लेबाज ने कहा, 'विराट भैया ने जब कंधे पर हाथ रखा तो वास्तव में मुझे ऐसा लगा कि मैं सपना देख रहा हूं.'
मौका देने के लिए राजस्थान रॉयल्स के आभारी हैं वैभव
नीलामी के दौरान राजस्थान रॉयल्स की टीम ने वैभव सूर्यवंशी को 1.10 करोड़ रुपए की भारी भर कम धनराशि खर्च करते हुए अपने बेड़े में शामिल किया था. फ्रेंचाइजी की तरफ से दिए गए इस मौके को वैभव अपने जीवन में काफी अहम मानते हैं. उनका कहना है, 'मैं हजार बार धन्यवाद बोल चुका हूं भगवान को राजस्थान रॉयल्स जैसी टीम में लाने के लिए.'
राजस्थान रॉयल्स को कब मिलेगा अपना दूसरा खिताब?
राजस्थान रॉयल्स की टीम को अपना दूसरा खिताब कब मिलेगा? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'सेकंड ट्रॉफी कब आएगी? होपफुली केवल सेकंड ट्रॉफी नहीं आएगी. आने वाले सालों में दो, तीन, चार, पांच भी जीतेंगे.'
यह भी पढ़ें- शुभमन गिल ने किया डॉन ब्रैडमैन वाला कमाल, जानें 15 टेस्ट पारियों के बाद किन कप्तानों ने लगाए हैं सबसे ज्यादा शतक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं