विज्ञापन

वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की कप्तानी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के शुरुआती दो मैचों के लिए वैभव सूर्यवंशी को बिहार की सीनियर टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है.

वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की कप्तानी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान
वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी
NDTV

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए अपनी 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. चयन समिति ने ट्रायल और खिलाड़ियों के पिछले प्रदर्शन का आकलन करने के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम की कमान सौंपी है. यह पहला मौका होगा जब वैभव बिहार की सीनियर टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे.

चयन समिति की बैठक 6 नवंबर 2026 को आयोजित की गई, जिसमें चेयरमैन हरविंदर सिंह और सदस्य अमिताभ विजयवर्गीय मौजूद रहे, जबकि चयनकर्ता एस. सरथ ने टेलीफोन के माध्यम से हिस्सा लिया. समिति ने 4 से 6 नवंबर तक हुए ट्रायल और खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद टीम का चयन किया. चयन सूची में वैभव सूर्यवंशी को कप्तान और सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है.

वैभव पर रहेंगी बड़ी जिम्मेदारियां

हाल के समय में बिहार क्रिकेट का सबसे चर्चित युवा चेहरा बन चुके वैभव सूर्यवंशी के सामने अब दोहरी जिम्मेदारी होगी. एक ओर उनसे रन बनाने की उम्मीद रहेगी, वहीं दूसरी ओर उन्हें टीम को बेहतर परिणाम दिलाने के लिए कप्तान के रूप में नेतृत्व भी करना होगा. सैयद मुश्ताक अली जैसे प्रतिष्ठित घरेलू टी20 टूर्नामेंट में यह उनके करियर की बड़ी परीक्षा मानी जा रही है.

बिहार की 17 सदस्यीय टीम 

वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तामिश अशरफ, तरुण कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), पृथ्वी राज, सूरज कश्यप, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, आनंद तड़ाव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह.

इन खिलाड़ियों की फिटनेस पर रहेगी नजर

चयन समिति ने स्पष्ट किया है कि मंगल महरूर और शाकिब हुसैन का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा. पहले दो मैचों के बाद उनकी स्थिति का आकलन किया जाएगा. टूर्नामेंट के दौरान किसी बदलाव की स्थिति में स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची भी जारी की गई है. इसमें बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशोम रेशार, लखन राजा, परवान कुमार, अमित चौधरी, पियूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव शामिल हैं.

कब शुरू होगा बिहार का अभियान?

बिहार की टीम सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में अपना अभियान 14 नवंबर 2026 से शुरू करेगी. शुरुआती दो मुकाबले इंदौर में खेले जाएंगे. टीम और फैंस को उम्मीद होगी कि नए कप्तान वैभव सूर्यवंशी की अगुआई में बिहार दमदार प्रदर्शन करेगा.

यह भी पढ़ें-  विराट कोहली के लिए खतरे की घंटी! न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ने बनाया OUT करने का खास प्लान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com