विज्ञापन

यूनिवर्स बॉस की दहशत Vs बेबी बॉस का खौफ, वैभव के 97 Vs क्रिस गेल के 175 रन-दोनों पारियों में कौन बेहतर?

Chris Gayle vs Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर में जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने फैंस को क्रिस गेल की याद दिला दी. क्रिस गेल खुद भी इस युवा बल्लेबाजी की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए.

यूनिवर्स बॉस की दहशत Vs बेबी बॉस का खौफ, वैभव के 97 Vs क्रिस गेल के 175 रन-दोनों पारियों में कौन बेहतर?
Chris Gayle 175 vs Vaibhav Sooryavanshi 97:

वैभव सूर्यवंशी ने न्यू चंडीगढ़ में 29 गेंद पर 97 रनों की पारी खेली और जब पिच से डग-आउट की ओर धीमे कदमों से बढ़ने लगे तो स्टेडियम में बैठे सभी दर्शकों का दिल टूट सा गया. कई घरों में वैभव की इस पारी के बाद टीवी बंद हो गए. मैच के पहले वैभव सूर्यवंशी पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर के पांव छूते दिखे और गावस्कर ने उनसे कहा, "लगे रहो." उनकी पारी के दौरान पूर्व कप्तान अनिल कुंबले तो उनसे डबल सेंचुरी की उम्मीद कर रहे थे. कुछ दिनों पहले केविन पीटरसन ने वैभव सूर्यवंशी से पूछा था कि वह T20 में खुद से क्या उम्मीद करते हैं और उन्होंने कहा था कि वह क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ना चाहते हैं. T20 में दोहरा शतक बनाना चाहते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह 20 ओवर खेल लेते हैं तो वह क्रिस गेल का रिकॉर्ड जरूर तोड़ देंगे.

वैभव कल शतक लगाने से चूक गए थे. लेकिन अगर वह लगा लेते तो आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड होता, जो अभी तक क्रिेस गेल के नाम है. वैभव भले ही कल शतक लगाने से चूक गए. उन्होंने क्रिस गेल की याद तो दिला थी थी. आप नीचे खुद  देखिए और देखने के बाद तय कीजिए की दोनों में से किसकी पारी बेहतर थी. 

देखिए क्रिस गेल की 175 वाली पारी 

देखिए वैभव सूर्यवंशी की 97 रनों की पारी

क्रिस गेल जब भी मैदान पर होते थे गेंदबाजों में उनका एक अलग खौफ होता था. उस दिन गेल ने मिचेल मार्श और एरॉन फिंच जैसे गेंदबाजों के एक-एक ओवर में चार-चार छक्के जड़े. पुणे का कोई बॉलर नहीं बचा जिसे गेल ने ना कूटा हो.

बिहार के समस्तीपुर का बेबी बॉस सिर्फ 15 साल का है और उसने जब चंडीगढ़ में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस के खिलाफ छक्कों की हैट्रिक लगाई तो कमेंटेटर्स दंग रह गए. प्रफुल्ल हिंगे की गेंद पर आउट होने से पहले उन्होंने उनके खिलाफ भी ओवर में तीन छक्के और एक बाउंड्री जड़ी.

सुपर स्ट्राइक रेट और सिक्सर किंग

स्ट्राइक रेट के मामले में वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास कायम कर दिया है. स्ट्राइक रेट को लेकर आईपीएल के इतिहास में अब कोई उनके बराबर नहीं दिखता. वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन आईपीएल के 15 मैचों में 243 के स्ट्राइक रेट से 680 रन बना लिए हैं. हैदराबाद के खिलाफ 12 छक्के लगाकर उन्होंने एक सीजन में क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़कर अब तक 65 छक्के अपने नाम कर लिए. 

वैभव ने कई बार साबित किया है कि वह कोई स्लॉगर नहीं हैं,  बल्कि उनके पास हर गेंद के लिए कई शॉट्स हैं. उन्होंने साबित कर दिया है कि उनके पास हर गेंद का जवाब है और मैदान की किसी भी कोने में वो छक्का जड़ सकते हैं. बैट-स्विंग और बैट-स्पीड के मामले में तो युवराज सिंह उन्हें खुद से भी बेहतर आकते हैं.

क्रिस गेल ने 2013 में पुणे के खिलाफ 66 गेंद पर 175 रनों की पारी खेली थी, तब उनका स्ट्राइक रेट 266 था. जबकि, 97 रनों की पारी में वैभव सूर्यवंशी का स्ट्राइक रेट 335 के करीब रहा.  क्रिस गेल ने अपनी इस पारी में 13 चौके और 17 छक्के लगाए. जबकि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 97 रनों की पारी में पांच चौके और 12 छक्के लगाए.

प्लेऑफ का दबाव

दोनों पारियों की तुलना करते वक्त इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि वैभव सूर्यवंशी की यह पारी दबाव में खेली गई थी. वैभव सूर्यवंशी की राजस्थान टीम को एलिमिनेटर से क्वालीफायर-2 में जाने के लिए हर हाल में जीत जरूरी थी. जबकि, क्रिस गेल का मैच पुणे वारियर्स के खिलाफ बेंगलुरु का एक लीग मैच था. यह भी ध्यान देने वाली बात है की वैभव अपने करियर का पहला प्लेऑफ मैच खेल रहे थे. 

एक बवंडर दूसरा तूफानी क्लास

क्रिस गेल अपनी तरह के अलबेले खिलाड़ी रहे. 175 रनों की उस पारी में गेल ने भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ कुछ उस तरह की आतिशबाजी नहीं की जो उन्होंने दूसरे गेंदबाजों के खिलाफ की. 

वैभव सूर्यवंशी ने पैट कमिंग्स को लगातार तीन छक्के लगाए तो दुनिया भर के दिग्गज हैरान रह गए. उन्होंने कई मुश्किल शॉट्स भी खेले और यार्कर पर एक रन भी लिया. वैभव के पारी में एक तूफानी रफ्तार के साथ एक क्लास भी दिखा.

15 साल के वैभव के 97 VS 33 साल के गेल के 175

बुधवार को राजस्थान के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 97 रनों की पारी में 12 छक्के लगाए और सभी उनकी तुलना यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल से करने लगे. इसमें कोई शक नहीं की क्रिस गेल की 175 रनों की पारी को T20 की अब तक की सबसे बेहतरीन पारी माना जाता है. लेकिन यह भी ध्यान रखना होगा कि क्रिस गेल ने जब वह पारी खेली तब उनकी उम्र 33 साल थी. जबकि, वैभव सूर्यवंशी का यह सिर्फ दूसरा आईपीएल सीजन है और वह अभी सिर्फ 15 साल के हैं.

वैसे तो, किसी भी दो दिग्गजों की पारियों की तुलना हो ही नहीं सकती. लेकिन वैभव सूर्यवंशी की पारी के दौरान कई दफा क्रिस खेल का नाम लिया गया और उनके रिकॉर्ड भी टूटे. लेकिन अब कोई और क्या ही कह सकता है कि जब खुद क्रिस गेल ने कह दिया है कि वैभव मेरा रिकॉर्ड जरूर तोड़ देगा. वैभव के टैलेंट को देखते हुए किसी को इस बात से हैरानी भी नहीं होगी.

यह भी पढ़ें: मर्सिडीज के मालिक हैं 15 साल के वैभव सूर्यवंशी, जानिए कितने करोड़ कमा चुके?

यह भी पढ़ें: 'शेर भूखा है' SRH के खिलाफ बंपर जीत के बाद वैभव ने 'तीन शब्दों' से दे दी शुभमन गिल को बड़ी चेतावनी

लेखक के बारे में
img
विमल मोहन
Editor Sports, NDTV India
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Christopher Henry Gayle, Vaibhav Sooryavanshi, Cricket, Indian Premier League 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com